बरेली: आज से नामांकन, राजनैतिक दलों ने घोषित नहीं किए प्रत्याशी
बरेली,अमृत विचार। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के बीच विधान परिषद की रामपुर-बरेली स्थानीय प्राधिकारी सीट पर चुनाव कराने की तैयारी तेज हो गयी है। शुक्रवार से इस सीट के लिए नामांकन शुरू हो रहे हैं। 11 फरवरी तक नामांकन चलेंगे, लेकिन अभी तक इसी सीट पर न भाजपा और न ही सपा समेत अन्य दलों …
बरेली,अमृत विचार। विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 के बीच विधान परिषद की रामपुर-बरेली स्थानीय प्राधिकारी सीट पर चुनाव कराने की तैयारी तेज हो गयी है। शुक्रवार से इस सीट के लिए नामांकन शुरू हो रहे हैं। 11 फरवरी तक नामांकन चलेंगे, लेकिन अभी तक इसी सीट पर न भाजपा और न ही सपा समेत अन्य दलों ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
भाजपा के चार पूर्व जिलाध्यक्ष समेत कई नेता इस सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं मगर भाजपा किसे प्रत्याशी बनाएगी, इसको लेकर असमंजस बरकरार है। पूर्व जिलाध्यक्ष रवींद्र राठौर के लिए राठौर-साहू समाज के लोग भी टिकट की मांग कर चुके हैं। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के समक्ष भी मांग रखी थी।
अभी तक पूरन सिंह लोधी, रवींद्र सिंह राठौर, राजकुमार शर्मा, कुंवर महाराज सिंह, सुधीर मौर्य के नामों की चर्चा है। वर्तमान में इस सीट से घनश्याम सिंह लोधी एमएलसी हैं। वह कुछ दिन पहले ही सपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं।
जिलाधिकारी की कोर्ट में नामांकन होंगे
रामपुर और बरेली जनपद को मिलाकर 4200 वोटर हैं। इसमें जिला पंचायत, नगर निगम, नगर पालिका, क्षेत्र पंचायत, नगर पंचायत के अध्यक्ष और सदस्य वोट करते हैं। नामांकन की प्रक्रिया जिलाधिकारी के कोर्ट वाले कक्ष में संपन्न होगी। सहायक रिटर्निंग अफसर अपर जिलाधिकारी प्रशासन हैं।
