माफियाओं के पीछे छिपने वाली सपा है ‘दुमदार’: सीएम योगी
शामली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार जनता की पहली पसंद बन कर सामने आयी है जबकि माफियाओं के पीछे छिपने वाली समाजवादी पार्टी (सपा) की ‘दुमदार’ छवि उजागर हुयी है। जनता को पसंद है डबस इंजन की दमदार सरकार …
शामली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले चरण में ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार जनता की पहली पसंद बन कर सामने आयी है जबकि माफियाओं के पीछे छिपने वाली समाजवादी पार्टी (सपा) की ‘दुमदार’ छवि उजागर हुयी है।
जनता को पसंद है डबस इंजन की दमदार सरकार
शामली और थाना भवन क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में आयोजित जनसभा में योगी ने कहा कि जनता की पसंद डबल इंजन की ‘दमदार सरकार’ है, न कि माफियाओं के पीछे छिपने वाली ‘दुमदार’ सपा। सपा मुखिया इन दिनों अपने ‘गरम खून’ की बात करते हैं, लेकिन इनका खून गरम होता तो सपा राज में मुजफ्फरनगर दंगा नहीं होता।
योगी ने कहा- इनके गरम खून को जनता ने किया ठंडा
इनके गरम खून को जनता ने पांच साल पहले ही ठंडा कर दिया है। आज के उत्तर प्रदेश में बम नहीं फटता अब तो कांवड़ यात्रा निकलती है और हर-हर बम-बम गूंजता है। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान से पहले ही लड़ाई 80 बनाम 20 से घटकर 90 बनाम 10 रह गई है। उन्होने कहा कि सपा का विकास ‘कब्रिस्तान की बाउंड्री‘ तक ही रहा, सो उन्हें वोट भी वहीं मांगना चाहिए।
विकास, किसान कभी नहीं रहे सपा के मुद्दे
एयरपोर्ट बनाना, एक्सप्रेस-वे बनाना, किसानों को सम्मान निधि देना कभी सपा के एजेंडे में नहीं रहा। वह लोग जब भी सत्ता में रहे, अपराधियों को पोसा और दंगा कराया। मुजफ्फरनगर में हुये दंगों का जिक्र करते हुये उन्होंने कहा, “सचिन और गौरव जैसे भाइयों का कसूर क्या था। केवल अपनी बहन की सुरक्षा के लिए पूछने गए थे, बदले में सपा के गुंडों ने दोनों की हत्या कर दी।
बीजेपी राज में तख्ती लटकाए दिखते हैं अपराधी
2017 में भाजपा सरकार आई और आज बेटियों के अपराधी गले में तख्ती लटकाकर जान की भीख मांगते हुए थानों के चौखट पर दिखते हैं। आज मैं कह सकता हूं कि अब कैराना से पलायन नहीं होता, अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हर बेटी अपने आप को सुरक्षित महसूस करती है। मुख्यमंत्री ने कहा,“ मुझे एक समाजवादी बहुत चिल्ला-चिल्ला के बोल रहे थे, कह रहे थे कि विकास के साथ-साथ ये बुलडोजर का क्या मतलब है। मैंने कहा कि दोनों साथ-साथ चलेंगे। अब तो उन्होंने बुलडोजर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपकरण लगा दिए हैं, जहां माफिया होगा, जहां दीवारों में जनता का पैसा छुपाया गया होगा, बुलडोजर खुद पहुंच जाएगा।
सूखी हुई है दो लड़कों की जोड़ी: योगी
थानाभवन विधानसभा क्षेत्र में जनता से संवाद करते हुए उन्होंने सपा-रालोद गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा,“यह ‘दो लड़कों की जोड़ी’ सूखी हुई जोड़ी है। यह लोग ‘डार्क जोन’ वाले हैं, इनके राज में हैंडपंप का पानी भी सूख जाता था। जब मुजफ्फरनगर दंगा हुआ, कैराना से पलायन हो रहा था तो यह लोग बिलों में छुपे बैठे थे। इनमें से एक लखनऊ में बैठकर दंगा कराता है तो दूसरा दिल्ली में बैठकर तमाशा देखता है। उस विपत्ति काल में भी भाजपा के सुरेश राणा और संजीव बालियान जैसे लोगों ने जनता की सुरक्षा के लिए अपने जान की बाजी लगाने में भी संकोच नहीं किया।
नौकरी निकलते ही निकल पड़ती थी चाचा-भतीजे की जोड़ी
शामली में जनसभा में योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने जो कहा है वो करके दिखाया है। युवाओं को पहले की नौकरी नहीं मिलती थी। अगर कोई भर्ती निकलती भी थी तो चाचा और भतीजे दोनों वसूली के लिए निकल पड़ते थे।
बीते पांच सालों में प्रदेश की तस्वीर और तकदीर बदलकर सुरक्षा, विकास व सबके सम्मान के जिस अभियान को भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने आगे बढ़ाया है, उसके रुकने-थमने नहीं देना है। वर्तमान व भावी पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए, समग्र विकास की यात्रा को अनवरत जारी रखने के लिए उत्तर प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार बहुत जरूरी है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: यूपी में 3-4 दिन तक रहेगा कोहरे का प्रकोप, मौसम विभाग ने जारी किया यह अलर्ट
