भाजपा ने बदली बुंदेलखंड की तस्वीर : राजनाथ सिंह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हमीरपुर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश समेत समूचे देश के लिये विकास के लिये समर्पित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है और पिछले पांच सालों में अपनी इसी भावना को चरितार्थ करते हुये योगी सरकार ने बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने का काम किया है। …

हमीरपुर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश समेत समूचे देश के लिये विकास के लिये समर्पित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है और पिछले पांच सालों में अपनी इसी भावना को चरितार्थ करते हुये योगी सरकार ने बुंदेलखंड की तस्वीर बदलने का काम किया है। जिले में हमीरपुर सदर और राठ (सु) विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सुमेरपुर और राठ कस्बों में अलग अलग जनसभाओं को संबोधित करते हुये राजनाथ ने रविवार को कहा कि भाजपा के शासनकाल में बुन्देलखंड में विकास की गंगा जम कर बही।

बुंदेलखंड की प्यासी धरती को हरा भरा करने में कई सिंचाई योजनाओं को अमल में लाया गया। हर घर नल योजना का लाभ यहां के लोगों को मिला। इस महत्वाकांक्षी योजना पर तेजी से काम किया जा रहा है और जिले में कोई भी ऐसा घर नही बचेगा, जहां पर पानी नहीं पहुंचेगा।  उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार के कार्यकाल में प्रदेश ने विकास के नये आयाम स्थापित किये है और मौजूदा चुनाव में मतदाता यूपी का भाग्य लिखेंगे।

लखनऊ के सांसद ने कहा कि केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार ने बहुमत मिलने पर कश्मीर के विकास में बाधा बने अनुच्छेद 370 को समाप्त किया जबकि करोड़ो राम भक्तों की आस्था का सम्मान करते हुये अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण कार्य शुरू कराया। भारत के बंटवारे के समय बहुत से हिंदू,सिख,पारसी पाकिस्तान में रहने को मजबूर हो गये थे, भाजपा सरकार ने नागरिकता कानून पारित कर ऐसे लोगों के भारत में आने का मार्ग प्रशस्त किया। भाजपा की करनी व कथनी में कोई अंतर नही है। जनता का विश्वास ही भाजपा की पूंजी है जिसको कभी टूटने नहीं दिया जायेगा।

उन्होंने कहा कि गैर भाजपा दल विकास विरोधी है। भाजपा ने जो विकास किया है,उसकी तुलना समाजवादी पार्टी (सप), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस से कभी भी नहीं की जा सकती है। भाजपा सत्ता में आयी तो गरीबो के घर राशन रहेगा,नौजवानों को कमाई व गरीब के घर मुफ्त दवाई रहेगी। भाजपा गरीबों की समर्पित पार्टी है। हमे विकास की बात बताने की नही है विकास सामने दिख रहा है।कोरोना काल में जो मजदूर वापस हुये उनको माह में दो बार राशन दिया गया। देश मे एक भी कच्चा मकान नहीं रहेगा। अभी तक जो मकान कच्चे है उन्हे हर हालत में पक्के मकान में तब्दील किया जायेगा।

राजनाथ सिंह ने कहा कि तीन कृषि कानून प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वापस लिया क्योंकि प्रधानमंत्री अहंकार शून्य है। उनके कुशल नेतृत्व में भारत एक ताकतवर देश बन चुका है। अंतरराष्ट्रीय पटल पर यदि भारत कोई बात कहता है तो सभी देश उसे गंभीरता से लेते है उसे कोई अनसुना नही करता है। उन्होने कहा कि योग के 84 आसनों में 83 भाजपा कर विकास कर रही है जबकि विपक्ष के लिये शीर्षासन छोडा गया है।

यह भी पढ़ें:-लखीमपुर-खीर: पहले और दूसरे चरण का चुनाव संपन्न कराने तीन हजार से अधिक जवान रवाना

संबंधित समाचार