यूपी के लोगों को गुंडा बताने वाली ममता, अखिलेश के लिए कर रहीं प्रचार: स्मृति ईरानी
गौतमबुद्धनगर। केन्द्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की फायरब्रांड नेता स्मृति ईरानी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा है कि राम का नाम लेने वालों को जेल भेजने वाले नेता अब राम भक्तों पर गोली चलाने वालों का समर्थन करने के लिये उत्तर प्रदेश आ गये हैं। ममता …
गौतमबुद्धनगर। केन्द्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की फायरब्रांड नेता स्मृति ईरानी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा है कि राम का नाम लेने वालों को जेल भेजने वाले नेता अब राम भक्तों पर गोली चलाने वालों का समर्थन करने के लिये उत्तर प्रदेश आ गये हैं।
ममता के लखनऊ पहुंचने पर बीजेपी नेता ने किया कटाक्ष
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में सोमवार को सपा का प्रचार करने के लिये सुश्री बनर्जी के लखनऊ पहुंचने पर ईरानी ने प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों को कभी गुंडा बताने वाली सुश्री बनर्जी को पहले प्रदेशवासियों से माफी मांगनी चाहिये। गौरतलब है कि उप्र के चुनाव में बानर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने सपा का समर्थन करने की घोषणा की है।
यूपी की जनता का ममता ने हमेशा किया है अपमान
बनर्जी मंगलवार को सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ यहां एक संवाददाता सम्मेलन को भी संबोधित करेंगी। सुश्री ईरानी ने कहा कि बनर्जी ने उत्तर प्रदेश की जनता का अपमान करने में कभी कोई कसर नहीं छोड़ी। जेवर में एक चुनावी सभा संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को उत्तर प्रदेश के लोगों के भगवा कपड़े पहनने, टीका लगाने और बनारस का पान खाने तक पर आपत्ति थी।
यूपी के लोगों को ममता ने बताया गुंडा
उत्तर प्रदेश के लोगों को गुंडा बताने वाली ममता बनर्जी को इस प्रदेश में आने से पहले यहां के लोगों से माफी मांगनी चाहिये। उन्होंने अखिलेश से पूछा कि उनकी ऐसी क्या मजबूरी है जो समर्थन मांगने के लिए उन्हें सुश्री बनर्जी को पश्चिम बंगाल से बुलाना पड़ा। उन्होंने कहा कि इससे सिद्ध होता है कि अखिलेश और सपा आज अकेले खड़े हैं और उन्हें समर्थन जुटाने के लिये अन्य प्रदेशों से नेताओं को बुलाना पड़ रहा है।
बंगाल में राम का नाम लेने पर डाल देते हैं जेल में
उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि सुश्री बनर्जी ने अनेक मौकों पर उत्तर प्रदेश के लोगों की सभ्यता, संस्कृति और खान पान का अपमान किया। इतना ही नहीं उन्होंने पश्चिम बंगाल में राम का नाम लेने पर लोगों को जेल में भी डाल दिया था। उन्होंने कहा कि यह भी एक संयोग है कि राम का नाम लेने वालों को जेल में डालने वाले और राम भक्तों पर गोली चलाने वाले आज साथ दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वह राम का अपमान करने वालों को भूलें नहीं।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: निवेशकों का धन पाक हैंडलरों को उपलब्ध कराने के मामले में एटीएस कोर्ट सख्त, दिया यह आदेश…
