अयोध्या: नियमों के फेर में फंसा किसानों का मुआवजा, सर्वे में नहीं मिली क्षति
अयोध्या। पिछले दिनों की तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से जिले में फसलों को भले ही क्षति पहुंची हो, लेकिन एक भी किसान को मुआवजा नहीं मिलेगा। जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के सर्वेक्षण में बताया गया है कि फसलों को पहुंची क्षति इतनी नहीं है कि किसानों को क्षतिपूर्ति दी जा सके। यह सर्वेक्षण जिले …
अयोध्या। पिछले दिनों की तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से जिले में फसलों को भले ही क्षति पहुंची हो, लेकिन एक भी किसान को मुआवजा नहीं मिलेगा। जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के सर्वेक्षण में बताया गया है कि फसलों को पहुंची क्षति इतनी नहीं है कि किसानों को क्षतिपूर्ति दी जा सके। यह सर्वेक्षण जिले के सभी ब्लॉकों में किया गया। जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह ने बताया कि 33 प्रतिशत से अधिक क्षति पर मुआवजा दिए जाने का प्रावधान है। जबकि सर्वे रिपोर्ट के मुताबिक फसलों को कुल दस प्रतिशत ही क्षति हुई है।
बेमौसम बारिश को लेकर राज्य सरकार ने कृषि एवं राजस्व विभाग को सर्वे के निर्देश दिए थे। ताकि फसल नुकसान होने पर किसानों को मुआवजा दिया जा सके। सर्वे रिपोर्ट में जिले में बारिश से फसलों के नुकसान न होने का दावा किया गया है। जिसके चलते लगातार मौसम की मार झेल रहे किसानों की कमर टूट गई है। पहले से ही छुट्टा पशुओं का आंतक झेल रहे किसानों के लिए कृषि विभाग की सर्वे रिपोर्ट से कोई मरहम नहीं लग सका है।
सर्वेक्षण रिपोर्ट के मुताबिक जिले में गेहूं 1.52 लाख हेक्टेयर में बोई गई है। इसमें केवल 5.05 फीसदी क्षति हुई है। इस क्षति से सिर्फ 1904 हेक्टेयर में बोई की फसल प्रभावित है। इसलिए मुआवजे का नियम गेहूं की खेती करने वाले किसानों पर लागू नहीं होता है । रिपोर्ट के अनुसार इसके अलावा सरसों का क्षेत्रफल 6040 हेक्टेयर है। सर्वाधिक क्षति होने का दावा किसान सरसों की फसल में ही कर रहे हैं लेकिन कृषि विभाग के सर्वेक्षण में जिले के सभी ब्लॉकों के सर्वेक्षण में औसत क्षति 10.95 फीसदी रिकार्ड की गई है।
इससे सरसों का 716 हेक्टेयर क्षेत्रफल प्रभावित है। हालांकि यह क्षति भी मुआवजे की श्रेणी में नहीं आती। इतना ही नहीं बारिश और ओलावृष्टि से आलू की फसल क्षति पहुंचने का भले ही किसान दावा करें लेकिन विभागीय आंकड़ों में सिर्फ 8.3 फीसदी क्षति ही रिकार्ड हुई है। ऐसे में किसानों को ओलावृष्टि से मिली मार के बाद भी राहत नहीं मिलेगी।
यह भी पढ़ें:-अयोध्या: लापता किशोरी का शव कुएं से बरामद, हत्या की आशंका
