मुरादाबाद : मजदूरी के पैसे मांगने पर दो चालकों को दी झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी
मुरादाबाद, अमृत विचार। मजदूरी के पैसे मांगने पर ट्रक मालिक ने दो चालकों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। ट्रक स्वामी 15 सिलेंडर कम निकलने की बात कह कर चालकों को धमका रहा है। पीड़ितों ने ट्रक स्वामी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मजदूरी के पैसे मांगने पर ट्रक मालिक ने दो चालकों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। ट्रक स्वामी 15 सिलेंडर कम निकलने की बात कह कर चालकों को धमका रहा है। पीड़ितों ने ट्रक स्वामी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया है।
कुंदरकी थानाक्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी सालिम और मोहम्मद रफी चालक हैं। वह ट्रक चलाकर अपने परिवार का पालन पोषण करते हैं। वह मैनाठेर थानाक्षेत्र के गांव नानकार निवासी एक व्यक्ति का ट्रक 12 हजार रुपये प्रति चक्कर के हिसाब से चंडीगढ़ से बंगाल तक चलाते हैं। दोनों चालक चंडीगढ़ से भारत कंपनी के 625 नए सिलेंडर ट्रक में भरकर लाए थे।
पीड़ितों के अनुसार 30 जनवरी को उन्होंने ट्रक को डींगरपुर में खड़ा कर दिया और ट्रक स्वामी से तीन चक्करों की मजदूरी 36 हजार रुपये मांगी। आरोप है कि ट्रक स्वामी ने उन्हें पांच-पांच सौ रुपये देकर घर भेज दिया। इसके बाद उस माल की बिल्टी और गाड़ी के मूल कागजात वाहन स्वामी को उन्होंने दे दिए। ट्रक स्वामी ने दूसरे स्टाफ के जरिए माल सहित ट्रक को बंगाल भेज दिया।
पीड़ितों ने बताया कि तीन फरवरी को उन्होंने ट्रक स्वामी से अपनी मजदूरी के 36 हजार रुपये मांगे तो उसने गाली-गलौज करते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। कहा कि मेरी गाड़ी में 15 सिलेंडर कम निकले हैं। इसलिए मैं तुम्हें कोई रुयया नहीं दूंगा। पीड़ितों का आरोप है कि ट्रक स्वामी की नीयत में खोट आ गया है। वह धोखाधड़ी करके उनकी मजदूरी हड़पना चाहता है। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ मैनाठेर को जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर सात दिन में रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।
