बरेली: चुनावी मौसम से महका फूलों का व्यापार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव, सहालग और वेलेंनटाइन सप्ताह के कारण फूलों का बाजार गुलजार हो गया है। फूलों की मांग बढ़ने से कीमतों में भारी उछाल आ गया है। ऐसे में विक्रेताओं के चेहरे खिल उठे हैं। फूल विक्रेताओं के अनुसार पांच रुपये में बिकने वाली गेंदे के फूल की माला 20 रुपये में …

बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव, सहालग और वेलेंनटाइन सप्ताह के कारण फूलों का बाजार गुलजार हो गया है। फूलों की मांग बढ़ने से कीमतों में भारी उछाल आ गया है। ऐसे में विक्रेताओं के चेहरे खिल उठे हैं। फूल विक्रेताओं के अनुसार पांच रुपये में बिकने वाली गेंदे के फूल की माला 20 रुपये में बिक रही है। 10 रुपये वाली माला 40 में बिक रही है।

इसके अलावा गुलाब 300-400 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिक रहा है। गेंदा 180 रुपये किलो बिक रहा है।चुनावी मौसम ने शहर के फूल विक्रेताओं के चेहरे की रौनक लौटा दी है। दो सालों से कोरोना की मार झेल रहा फूल बाजार अब पटरी आ गया है। जिले में दूसरे चरण में मतदान 14 फरवरी को है। ऐसे में समर्थक अपने प्रत्याशी का स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में फूलों की मालाएं ले जा रहे हैं।

बाजार में गुलाब व गेंदे के फूल के दाम सर्वाधिक बढ़े हैं। फरवरी में आठ शुभ मुहुर्त होने से बरातघर में भी सजावट के लिए फूलों की मांग बढ़ गई है। इसके अलावा वेलेंटाइन सप्ताह शुरू होने पर गुलाब की बिक्री अधिक हुई। विक्रेताओं के अनुसार यहां से कासगंज, एटा आदि क्षेत्रों में भी फूल भेजे जाते हैं। वहां से भी मांग बढ़ी है।

गेंदा के बढ़े भाव
फूल विक्रेताओं ने बताया कि जनवरी में फूलों पर इतनी तेजी नहीं थी। गेंदा के फूल की कीमत 60-70 रुपये किलो के बीच थी। फरवरी में प्रत्याशियों के डोर-टू-डोर संपर्क से फूलों की मांग बढ़ गई है। जिससे कीमत में इजाफा हुआ है। अब एक किलो गेंदे की कीमत 180 रुपये है।

गुलाब की बात करें तो जनवरी में यह 150-200 के बीच में बिक रहा था। फरवरी के माह में इसकी कीमत 300-400 रुपये किलो हो गई है। फूल विक्रेताओं के अनुसार पहले एक-दो सप्ताह बाद ही गुलाब दिल्ली से मंगाए जाते थे, लेकिन मांग बढ़ने पर सप्ताह के चौथे-पाचवें दिन ही गुलाब मंगवा रहे हैं।

ये भी पढ़ें-

बरेली: जनप्रतिनिधियों के कागजी दावे, विकास कराने वाले को देंगे वोट

संबंधित समाचार