रुद्रपुर: नौ प्रत्याशियों के लिए ब्रह्मास्त्र बनकर आ रहे नरेंद्र मोदी
मनीष तिवारी, अमृत विचार, रुद्रपुर। विरोधियों के साथ ही बागियों के शोर के बीच नौ प्रत्याशियों के लिए चुनावी चक्रव्यूह भेदने के लिए नरेंद्र मोदी ब्रह्मास्त्र बनकर 12 फरवरी को रुद्रपुर आ रहे हैं। राजगद्दी के रण में बगावती शोर के बीच नरेंद्र मोदी अपनी आवाज से प्रत्याशियों में ऊर्जा भरने की कोशिश करेंगे। उनकी कोशिश …
मनीष तिवारी, अमृत विचार, रुद्रपुर। विरोधियों के साथ ही बागियों के शोर के बीच नौ प्रत्याशियों के लिए चुनावी चक्रव्यूह भेदने के लिए नरेंद्र मोदी ब्रह्मास्त्र बनकर 12 फरवरी को रुद्रपुर आ रहे हैं। राजगद्दी के रण में बगावती शोर के बीच नरेंद्र मोदी अपनी आवाज से प्रत्याशियों में ऊर्जा भरने की कोशिश करेंगे। उनकी कोशिश बगियों सहित सभी विरोधी दलों के उम्मीदवारों को पस्त करने की भी कोशिश रहेगी।
उत्तराखंड की 70 सीटों में भाजपा के 15 बागियों में जिले की दो सीटें भी शामिल हैं। रुद्रपुर में भाजपा से दो बार रिकार्ड जीत के साथ विधायक रहे राजकुमार ठुकराल हैं तो वहीं किच्छा से अजय तिवारी भी निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा राजनीतिक विशेषज्ञों की मानें तो इन दो सीटों पर बगावती स्वर से अन्य सात सीटों पर भी असर है।
स्थानीय नेताओं से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के नेता इस चुनौती को गंभीरता से ले रहे हैं। राजनीतिक जानकारों की माने तो इसीलिए मतदान से दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद रुद्रपुर में प्रचार के लिए आ रहे हैं। उनकी उपस्थिति न ही सिर्फ गैर भाजपा उम्मीदवारों के लिए चुनौती होगी, बल्कि माना जा रहा है कि भाजपा उम्मीदवारों के लिए भी मोदी की गूंज ऊर्जा का काम करेगी।
पिछली बार रोड शो कर बदल दिया था माहौल
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले विधानसभा चुनाव में आकर रैली को संबोधित किया था। रास्ते में उन्होंने एकाएक रोड शो कर भाजपा के पक्ष में ऐसा माहौल बनाया था कि जिले की नौ में से आठ सीटों के साथ आसपास की सीटें भी भाजपा ने फतह कर ली थी। इस बार भी भाजपा को प्रधानमंत्री से ऐसे ही चमत्कार की उम्मीद है।
