मुरादाबाद : मूंढापांडे में आंबेडकर की प्रतिमा पर पोती कालिख, गरमाया माहौल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। शरारती तत्वों ने मूंढापांडे थानाक्षेत्र में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर कालिख पोतकर खंडित कर दिया। इसकी जानकारी मिली तो गांव का माहौल गरमा गया। तमाम लोग प्रतिमा स्थल पर एकत्र हो गए। उन्होंने हंगामा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप …

मुरादाबाद,अमृत विचार। शरारती तत्वों ने मूंढापांडे थानाक्षेत्र में डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर कालिख पोतकर खंडित कर दिया। इसकी जानकारी मिली तो गांव का माहौल गरमा गया। तमाम लोग प्रतिमा स्थल पर एकत्र हो गए। उन्होंने हंगामा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सीओ हाइवे, इंस्पेक्टर मूंढापांडे और एसडीएम मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने और प्रतिमा की मरम्मत करने का आश्वान देकर मामला शांत कराया। ग्रामीणों की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर धारा 144 का उल्लंघन करने की चेतावनी दी है।

मामला मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव शिवपुरी का है। इस गांव में दलित और सवर्ण बिरादरी के लोग रहते हैं। बुधवार की रात गांव के प्राथमिक विद्यालय में लगी डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर शरारती तत्वों ने कालिख पोतकर खंडित कर दी। गुरुवार सुबह ग्रामीणों की नजर प्रतिमा पर पड़ी तो रोष फैल गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।

ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। सीओ हाइवे डॉ. गणेश कुमार गुप्ता, इंस्पेक्टर संजय पांचाल और एसडीएम मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन वह कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों ने किसी तरह समझा-बुझाकर शांत किया। ग्रामीणों ने पांच लोगों को नामजद करते मुकदमा दर्ज कराया है। बताया जाता है कि सवर्ण बिरादरी ने गांव के बाहर स्वागत बोर्ड लगाया था। दो दिन पूर्व किसी ने उस पर कीचड़ पोत दिया था। माना जा रहा है कि इसी के विरोध में शरारती तत्वों ने यह काम किया है। दूसरी ओर इस घटना को चुनावी माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से किए जाने के कयास भी लगाए जा रहे हैं।

एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि प्रतिमा की मरम्मत कराई जा रही है। मामले में पांच लोगों के खिलाफ डॉ. बीआर आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। गांव में शांति है।

 

संबंधित समाचार