विधानसभा चुनाव से चार दिन पहले श्रीनगर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, बोले- मैं दिल्ली में होता था, मेरा मन उत्तराखंड के लिए भागता था
हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीनगर स्थित एनआईटी के मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे। यहां उन्होंने गढ़वाली में सबसे पहले अपना संबोधन शुरू किया। पीएम ने कहा कि चार धाम की रक्षक देवी मां धारी देवी और कमलेश्वर महादेव की पावन धरती मेरा दाना स्यौणा, दिदी भुलियो, भूला भौजियों थैं म्हारूं …
हल्द्वानी, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रीनगर स्थित एनआईटी के मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे। यहां उन्होंने गढ़वाली में सबसे पहले अपना संबोधन शुरू किया। पीएम ने कहा कि चार धाम की रक्षक देवी मां धारी देवी और कमलेश्वर महादेव की पावन धरती मेरा दाना स्यौणा, दिदी भुलियो, भूला भौजियों थैं म्हारूं प्रणाम। आशा करब आप सब कुशल मंगल होला। जय बद्री विशाल जय केदार..
इसके बाद प्रधानमंत्री ने कहा कि जब वर्चुअल रैली होती है तब आपसे मिलता तो था मैं दिल्ली होता था लेकिन मेरा मन उत्तराखंड के लिए ही भागता था। जब मनोरथ सच्चा हो तो बाबा केदारनाथ और बद्रीनाथ जी सच्ची इच्छा को पूरा कर ही देते हैं। और उनके आशीर्वाद से चुनाव आयोग और मौसम ने मुझे आपके बीच आने और दर्शन करने का सौभाग्य दिया। पीएम ने कहा कि उत्तराखंड का हर नागरिक जानता है कि मेरा देवभूमि से क्या नाता है। कोई कल्पना कर सकता है कि 2019 में चुनाव का आखिरी दौर चल रहा था, मैं खुद काशी से चुनाव लड़ रहा था लेकिन मेरा मन कर गया था कि देवभूमि की माटी को माथे पर लगा लूं। देवभूमि में बाबा केदार ने मुझे पुकारा और मैं देवभूमि चला आया। ये देवभूमि के प्रति मेरी भक्ति और लगाव है। यहां से सदा ऊर्जा और प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि तीलू रौतेली, पंथ्या दादा, माधो सिंह भंडारी जैसे वीरों की भूमि को प्रणाम करता हूं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र उत्तराखंड का विकास करेगा। कल ही उत्तराखंड भाजपा ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है। ये संकल्प पत्र, इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने में बड़ी भूमिका निभाएगा। इसमें उत्तराखंड के विकास के लिए, यहां के युवाओं, महिलाओं, किसानों, सभी के लिए नए संकल्प लिए गए हैं।
पीएम ने कहा कि आज पौड़ी गढ़वाल के ऐसे ही वीर सपूत जनरल बिपिन रावत जी की स्मृतियां मुझे भावुक कर रही हैं। उन्होंने देश को दिखाया कि उत्तराखंड के लोगों के पास न केवल पहाड़ जैसा साहस होता है बल्कि हिमालय जैसी ऊंची सोच भी होती है। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोग कभी भूल नहीं सकते कि सेना को लेकर इन लोगों का रवैया क्या रहा है। सेना पर ही सवाल उठाते रहे हैं। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल, तीरथ सिंह रावत, राज्य सभा सांसद अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत आदि रहे। बता दें कि पहले प्रधानमंत्री का कार्यक्रम श्रीकोट स्थित खेल स्टेडियम में प्रस्तावित था। लेकिन मैदान तक पहुंचने की दिक्कत और एसएसबी के अस्थायी हेलीपैड से दूरी को देखते हुए कार्यक्रम स्थल में परिवर्तन कर दिया गया।
