अयोध्या: रुदौली सीट पर भाजपा हैट्रिक, सपा किला भेदने व बसपा खाता खोलने को मैदान में
अयोध्या। जनपद की पांच विधानसभा सीटों में सबसे हॉट सीट रुदौली बन गई है। भाजपा, सपा और बसपा ने यहां कद्दावर नेताओं को टिकट देकर लड़ाई दिलचस्प बना दी है। हालांकि कुछ रोज पहले ऐसा नहीं था, लेकिन अब तीनों ही दलों के प्रत्याशियों के लिए यह सीट नाक का सवाल बन गई है। भाजपा …
अयोध्या। जनपद की पांच विधानसभा सीटों में सबसे हॉट सीट रुदौली बन गई है। भाजपा, सपा और बसपा ने यहां कद्दावर नेताओं को टिकट देकर लड़ाई दिलचस्प बना दी है। हालांकि कुछ रोज पहले ऐसा नहीं था, लेकिन अब तीनों ही दलों के प्रत्याशियों के लिए यह सीट नाक का सवाल बन गई है। भाजपा यहां हैट्रिक लगाने के मूड में तो सपा पुरानी लय को वापस लाने की जुगत में जुटी है। अभी तक रूदौली में खाता भी न खोल पाने वाली बसपा आर-पार की लड़ाई लड़के को मैदान में उतर गई है।
अभी तक गोसाईगंज विधानसभा पर जनपदवासियों की नजरें टिकी थीं क्योंकि यहां पर दो बाहुबलियों के बीच फाइट है। सपा के प्रत्याशी अभय सिंह व भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी मैदान में हैं। आरती पूर्व में यहां भाजपा से विधायक रहे इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू की पत्नी है। हालांकि खब्बू इस समय जेल में हैं और भाजपा ने उनकी पत्नी को मैदान में उतार दिया है।
इधर, रूदौली में सपा ने जब प्रत्याशियों की अदला-बदली की तो अपने पुराने प्रत्याशी अब्बास अली जैदी रुश्दी का टिकट काट बीकापुर के आनंद सेन को प्रत्याशी बना दिया। इसके बाद रुश्दी ने इसे तौहीन मानते हुए नामांकन खत्म होने के छह घंटे पहले ही बसपा ज्वाइन करके सबको चौंका दिया। भाजपा ने यहां विधायक रामचंद्र यादव को ही मैदान में उतारा है। वह यहां से दो बार सपा के प्रत्याशी रुश्दी को हराकर विधायक बने हैं। बसपा यहां अभी तक अपना खाता नहीं खोल सकी है। 2007 में बसपा से अशोक सिंह ने चुनाव लड़ा था। तब वह रनर अप रहे थे।
तीनों पर आपराधिक मामले, अचल संपत्तियां भी हैं
1-आनंद सिंह
सपा प्रत्याशी ने दाखिल शपथ पत्र में कुल तीन करोड़ 73 लाख रुपए की संपत्ति बताई है, जिनमें 1.50 करोड़ की चल और 2. 23 करोड़ की अचल संपत्ति है। उनके और उनकी पत्नी के पास लखनऊ और गाजियाबाद में भी जमीन और मकान हैं। दो चार पहिया व दो ट्रैक्टर भी हैं। अपराधिक मामले भी कम नहीं दिखाई दे रहे। पूर्व में हत्याकांड से जुड़े होने के साथ तारुन थाना क्षेत्र में डकैती के मामले भी दर्ज है। अयोध्या कोतवाली में एससीएसटी, अपरहण के मामले भी दर्ज हैं।
2-अब्बास अली जैदी रुश्दी
सपा से बगावत कर बसपा के प्रत्याशी बने अब्बास अली जैदी और रुश्दी मियां भी करोड़पति हैं। उनके द्वारा नामांकन पत्र में दाखिल किए गए शपथ पत्र के मुताबिक 13 करोड़ 66 लाख की चल अचल संपत्ति है तो वही 17 लाख रुपए कर्जदार भी है। असलहों के शौकीन होने के साथ इनके खिलाफ भी मुकदमा लंबित है। इसके साथ ही गाड़ियों के भी शौकीन माने जाते हैं।
3- रामचंद्र यादव
शपथ पत्र के अनुसार भाजपा प्रत्याशी पर दो मुकदमे दर्ज हैं। हाथ में एक लाख रुपये की नकदी व बैंक अकाउंट की धनराशि मिलाकर 37.47 लाख की अचल संपत्ति है। लखनऊ, रुदौली, मिल्कीपुर तहसील के कई गांव के अलावा विकास प्राधिकरण कॉलोनी में मकान भी है। वह दो करोड़ आठ लाख रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। इसी के साथ एक करोड़ 48 लाख रुपये के कर्जदार भी हैं। एसयूवी व स्कार्पियो कार भी है। 1.50 लाख का सोना व 60 हजार रुपये की चांदी के मालिक हैं।
फैक्ट फाइल
कुल मतदाता 3,36,546
पुरुष 1,78,661
महिला 1,57,845
यह भी पढ़ें:-कार ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में मारी टक्कर, परिवार के तीन सदस्यों की मौत, तीन अन्य घायल
