रायबरेलीः कोरोना की तीसरी लहर हुई कमजोर, मिले 23 संक्रमित
रायबरेली। कोरोना की तीसरी लहर का उतार शुरू हो गया है। दस दिन से संक्रमण का ग्राफ नीचे गिर रहा है। बीते 24 घंटे में 23 लोग संक्रमित मिले हैं। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या महज 92 रही। सक्रिय केस 667 हो गए हैं। स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि कोरोना के …
रायबरेली। कोरोना की तीसरी लहर का उतार शुरू हो गया है। दस दिन से संक्रमण का ग्राफ नीचे गिर रहा है। बीते 24 घंटे में 23 लोग संक्रमित मिले हैं। ठीक होने वाले मरीजों की संख्या महज 92 रही। सक्रिय केस 667 हो गए हैं।
स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि कोरोना के केस अब घट रहे हैं। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण घट रहा है। लेकिन लोग एहतियात जरूर रखें। लोगों को जागरूक करने के साथ ही उन्हें मेडिकल किट उपलब्ध कराने के लिए घर-घर सर्वे कराया जा रहा है।
यह अभियान बराबर चल रहा है। बीते 24 घंटे में जितने लोग संक्रमित मिले हैं, उन सभी को होम आइसोलेट किया गया है। इनके घर पर मेडिकल किट भेजी जा रही है। कोरोना के लक्षण होने पर खुद को आइसोलेट कर लेना चाहिए, रिपोर्ट का इंतजार नहीं करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि करीब 40 हजार लोगों को कोरोना रोधी वैक्सीन लगाई गई है। प्रथम डोज का लक्ष्य पूरा हो गया है। दूसरी डोज लगवाने वालों की संख्या भी 70 फीसदी से ज्यादा है। सभी लोग सुरक्षा नियमों का पालन करें। मास्क लगाकर ही घर से निकलें। शारीरिक दूरी का भी ध्यान रखें। भीड़भाड़ वाली जगहों पर जानें से बचें।
विधानसभा चुनाव भी करीब हैं, ऐसे में विशेष एहतियात बरतने की जरूरत है। पिछले 24 घंटे में अहियारायपुर, ऊंचाहार, गोडवारा में संक्रमित मिले हैं। सबसे अधिक सैंपल जिला अस्पताल में लिए गए वहीं सात मोबाइल टीम भी सैंपलिंग कर रही हैं।
- होम आईसोलेशन में मरीज- 346
- निगरानी समितियों का भ्रमण- 113157
- एंटीजन जांच- 979
- आरटीपीसीआर- 1693
- आक्सीजन उपलब्ध- 10 से 35 एमटी
