रायबरेलीः खर्च का ब्यौरा देने में प्रत्याशी कर रहे आनाकानी, 64 में सिर्फ 36 उम्मीदवारों ने उपलब्ध कराया डाटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली। विधानसभा की पांच सीटों पर उतरे प्रत्याशी प्रशासन को खर्च का ब्यौरा उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। 64 प्रत्याशियों में से 36 ने ही खर्च का ब्योरा दिया है। सदर में भाजपा, ऊंचाहार में कांग्रेस व हरचंदपुर में सपा खर्च में आगे है। खर्च का ब्योरा न देने वाले 28 प्रत्याशियों को 16 फरवरी …

रायबरेली। विधानसभा की पांच सीटों पर उतरे प्रत्याशी प्रशासन को खर्च का ब्यौरा उपलब्ध नहीं करा रहे हैं। 64 प्रत्याशियों में से 36 ने ही खर्च का ब्योरा दिया है। सदर में भाजपा, ऊंचाहार में कांग्रेस व हरचंदपुर में सपा खर्च में आगे है। खर्च का ब्योरा न देने वाले 28 प्रत्याशियों को 16 फरवरी तक की मोहलत की दी गई है। इस संबंध में नोटिस भी भेजा गया है।

विधानसभा क्षेत्र सदर, ऊंचाहार, सरेनी, बछरावां और हरचंदपुर सीट से मैदान में उतरे प्रत्याशियों को तीन बार में खर्च का ब्योरा देने के आदेश हैं। 11 फरवरी, 16 फरवरी और 21 फरवरी को सभी को रजिस्टर के साथ मुख्यालय पर पहुंचकर खर्च का ब्योरा देने के आदेश दिए गए हैं। प्रत्येक प्रत्याशी को 40 लाख रुपये तक चुनाव में खर्च करने की छूट दी गई है।

11 फरवरी को सभी प्रत्याशियों को अब तक के खर्च का ब्योरा देना था लेकिन ऊंचाहार से 13 उम्मीदवारों में से आठ ने ही ब्योरा दिया। कांग्रेस प्रत्याशी नेे अब तक 4.73 लाख, सपा प्रत्याशी ने 3.42 लाख, भाजपा प्रत्याशी ने 1.67 लाख और बसपा प्रत्याशी ने 1.66 लाख रुपये खर्च किया है। अन्य चार प्रत्याशियों ने एक-एक लाख से कम की धनराशि खर्च की है।

सदर के सभी प्रत्याशियों ने दिया ब्योरा

सदर विधानसभा सीट से सभी 14 प्रत्याशियों ने खर्च का ब्योरा दे दिया है। इसमें भाजपा उम्मीदवारने सबसे अधिक 1.30 लाख रुपये खर्च किए हैं। कांग्रेस प्रत्याशी ने 92 हजार और सपा प्रत्याशी ने 97 हजार रुपये खर्च किए हैं। हरचंदपुर सीट से सपा प्रत्याशी ने 2.78 लाख, कांग्रेस प्रत्याशी ने 97 लाख खर्च किया है। यहां से भाजपा प्रत्याशी ने खर्च का ब्योरा जमा नहीं किया है।

हरचंदपुर में 14 में से सात प्रत्याशियों ने खर्च का ब्योरा दिया है। सरेनी सीट से भाजपा, सपा और कांग्रेस के किसी भी उम्मीदवार ने खर्च का ब्योरा नहीं दिया है। सरेनी के 14 उम्मीदवारों में से मात्र दो प्रत्याशियों ने ही ब्योरा दिया। बछरावां में भी नौ प्रत्याशियों में से चार ने ही खर्च का ब्योरा दिया है। खर्च का ब्योरा न देने वाले उम्मीदवारों को 16 फरवरी तक हरहाल में खर्च का ब्योरा देने के आदेश दिए गए हैं।

वरिष्ठ कोषाधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान के पहले तक प्रत्याशियों को तीन बार खर्च का ब्योरा देना है। पांच विधानसभा क्षेत्रों के जिन उम्मीदवारों ने ब्योरा उपलब्ध नहीं कराया है, उन्हें 16 फरवरी को हरहाल में खर्च का ब्योरा देने के आदेश दिए गए हैं। सलोन सीट के प्रत्याशी भी 16 फरवरी को खर्च का पहला ब्योरा देंगे।

यह भी पढ़ें:-बरेली: आज होंगी पोलिंग पार्टियां रवाना, 30 हजार जवानों के हवाले जिले के 3804 पोलिंग बूथ, कल होगा मतदान

संबंधित समाचार