पीलीभीत: सर्राफा एसोएसिएशन अध्यक्ष के बेटे की कार में पकड़ी गई चांदी
पीलीभीत,अमृत विचार। सर्राफा एसोसिएशन अध्यक्ष के बेटे की कार से एफएसटी टीम ने करीब साढ़े छह किलो चांदी पकड़ी। इसे लेकर पड़ताल की जाती रही और उसके बाद चांदी को कोषागार में जमा करा दिया गया। अब सर्राफा व्यापारी से चांदी की खरीद से जुड़े बिल और दुकान के लाइसेंस समेत अन्य प्रमाण तलब किए …
पीलीभीत,अमृत विचार। सर्राफा एसोसिएशन अध्यक्ष के बेटे की कार से एफएसटी टीम ने करीब साढ़े छह किलो चांदी पकड़ी। इसे लेकर पड़ताल की जाती रही और उसके बाद चांदी को कोषागार में जमा करा दिया गया। अब सर्राफा व्यापारी से चांदी की खरीद से जुड़े बिल और दुकान के लाइसेंस समेत अन्य प्रमाण तलब किए गए हैं। दूसरे दिन भी दिन भर इसे लेकर सवाल-जवाब किए जाते रहे। मगर, चांदी न छूटने पर व्यापारियों ने नाराजगी जताई।
विधानसभा चुनाव को लेकर जनपद की चार सीटों पर 23 फरवरी को मतदान होगा। चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसे लेकर सीमावर्ती इलाकों में एफएसटी टीम की तैनाती करके वाहनों की चेकिंग कराई जा रही है। शनिवार रात को बरेली हाईवे पर जहानाबाद थाने की शाही पुलिस चौकी के पास एफएसटी टीम चेकिंग कर रही थी।
टीम में मजिस्ट्रेट रोहिताश कुमार, दरोगा अमित कुमार आदि थे। इस बीच मोहल्ला शेखचांद निवासी सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम कुमार अग्रवाल का बेटा सर्राफा व्यापारी मुरली अग्रवाल बरेली से चांदी लेकर लौट रहा था। शाही के पास पहुंचते ही एफएसटी टीम ने कार को रोक लिया। तलाशी लेने पर कार से साढ़े छह किलो चांदी बरामद होने ही उसे कब्जे में ले लिया।
इसकी सूचना मिलने पर व्यापारी मौके पर पहुंच गए और फिर टीम से काफी देर तक बहस होती रही। मगर, एफएसटी टीम ने अधिकारियों को सूचना दी और बरामद चांदी को देर रात कोषागार में जमा करा दिया। इसका हिसाब-किताब और बिल आदि देते हुए औपचारिकताएं पूरी करने को कह दिया। रविवार को कई व्यापारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और कागजात दिखाते रहे। मगर, देर शाम तक चांदी छुड़वाई नहीं जा सकी थी।
ये भी पढ़ें-
