पीलीभीत: पतंग उड़ाकर अफसरों ने दिया मतदान जागरूकता का संदेश
पीलीभीत,अमृत विचार। विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन की ओर से आए दिन नई पहल की जा रही है। अब पतंग उड़ाकर मतदाताओं को मताधिकार के लिए प्रेरित किया गया। जिसमें समस्त नगर पालिका, नगर पंचायत से लोग शामिल हुए। छात्र-छात्राओं में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। युवाओं ने अपने अंदाज में …
पीलीभीत,अमृत विचार। विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन की ओर से आए दिन नई पहल की जा रही है। अब पतंग उड़ाकर मतदाताओं को मताधिकार के लिए प्रेरित किया गया। जिसमें समस्त नगर पालिका, नगर पंचायत से लोग शामिल हुए। छात्र-छात्राओं में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। युवाओं ने अपने अंदाज में रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी। मतदान की शपथ भी दिलाई गई।
गांधी स्टेडियम में सोमवार को मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पीलीभीत यूथ काइट फेस्टिबल मनाया गया। स्वीप अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में समस्त नगर पालिका-नगर पंचायत में जागरूकता का संदेश दिया गया। प्रतियोगिता का शुभारम्भ जिला निर्वाचन अधिकारी पुलकित खरे ने पतंग उड़ाकर किया। व्यय प्रेक्षक अभिषेक गौतम, पुलिस प्रेक्षक मोहित गर्ग, बरखेड़ा के प्रेक्षक एम. रामाचन्दादू, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नूपुर गोयल, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. राजेश कुमार, ईओ सुरेंद्र प्रताप, तारिक हसन खां ने भी पतंग उड़ाई।
इसी के माध्यम से मतदाताओं को जनपद में 23 फरवरी को अधिक से अधिक मतदान करने का संदेश दिया। उपस्थित सभी लोगों को मतदाता शपथ दिलाई गई। नगर पंचायत बिलसंडा में गांधी स्मारक सुन्दर लाल इण्टर कालेज, नगर पंचायत जहानाबाद में जहानाबाद इण्टर कॉलेज, पूरनपुर में रामलीला मैदान, नगर पंचायत गुलड़िया भिण्डारा में चीनी मिल खेल मैदान, बीसलपुर में एसआरएम इण्टर कॉलेज, नगर पंचायत न्यूरिया में केके मेमोरियल इण्टर कॉलेज, कलीनगर में सी एंड जे इण्टर कालेज में पतंग प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। जिसमें पतंगबाजों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
विजेताओं को सम्मानित किया गया। स्कूली बच्चों ने गीत, नुक्कड़ नाटक पेश कर मतदान का महत्व बताया और मतदाताओं को जागरूक किया। इस दौरान बीते चुनाव में वार्डवार हुए मतदान को भी प्रदर्शित किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि पट्टिका में लिखे मतदान प्रतिशत को इस बार अधिक से अधिक बढ़ाना है।
सभी लोग अपने वार्ड तक यह संदेश लेकर जाएं कि अधिक से अधिक वोट करने से हमारा लोकतंत्र मजबूत होता है। अच्छे प्रतिनिधियों का चयन कर अपने क्षेत्र का विकास करा सकेंगे। अपने मोहल्ले के सभी बड़े बुर्जुगों, रिश्तेदारो, मित्रों को मतदान के दिन बूथ पर वोट डालने के लिए प्रेरित करें।
ये भी पढ़ें-
पीलीभीत: बीयर बार में हुए गोलीकांड में मोबाइल व्यापारी गिरफ्तार, चाकू बरामद
