भाजपा की नीतियों से सब परेशान, बसपा ही यूपी के लिए एकमात्र विकल्प: मायावती
बांदा। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने गुरूवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की गलत नीतियों से गरीब व किसानों सहित सभी परेशान है और ऐसे में प्रदेश में बसपा ही सुशासन का एकमात्र विकल्प है। बहकावे में न आएं समर्थक और कार्यकर्ता बांदा नगर के केसीएनआई टी …
बांदा। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने गुरूवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की गलत नीतियों से गरीब व किसानों सहित सभी परेशान है और ऐसे में प्रदेश में बसपा ही सुशासन का एकमात्र विकल्प है।
बहकावे में न आएं समर्थक और कार्यकर्ता
बांदा नगर के केसीएनआई टी (इंजीनियरिंग कॉलेज) के प्रांगण में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुये उन्होने कहा कि बसपा इस बार दमदारी के साथ चुनाव लड़ रही है। कार्यकर्ता व समर्थक बहकावे में न आवें। वर्ष 2007 की तरह बसपा बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। बसपा की सरकार बनने के बाद कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल होगी। अपनी मांगों के लिए धरना देने वाले बेरोजगारों और कर्मचारियों पर दर्ज मुकदमों में उन्हें न्याय मिलेगा और चित्रकूट मंडल की सभी समस्याएं समाप्त होंगी।
भयमुक्त शासन सिर्फ बसपा दे सकती है
‘सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय’ के लिए बसपा उम्मीदवारों को समर्थन देने की अपील करते हुये उन्होने कहा कि बसपा ही भयमुक्त व भ्रष्टमुक्त सरकार दे सकती है। इस चुनाव में सर्व समाज के लोगों को प्रत्याशी बनाया गया है। भाजपा से जनता दुखी है। बसपा शासनकाल में जितने विकास कार्य हुए, कभी किसी सरकार में नहीं हुये। भाजपा सरकार तो बसपा सरकार के ही कार्यों का नाम बदलकर वाहवाही लूट रही है। मायावती ने कहा कि भाजपा पूंजीवादी लोगों को बढ़ा रही है।
बीजेपी के शासनकाल में सभी जातियों का नहीं हुआ विकास
इसलिए सभी जातियों का विकास नहीं हुआ। पिछड़े व मुस्लिम समाज के लोगों के लिए चल रही योजनाओं का लाभ पात्रों को नहीं मिल रहा है। ब्राह्मण भी उपेक्षित है। सरकार आरक्षण का भी कोटा पूरा नहीं कर रही है। बेरोजगारी व महंगाई बढ़ी है। सरकार की गलत नीतियों के चलते बुंदेलखंड में बेरोजगारी के कारण पलायन बढ़ गया। उन्होंने कहा कि बसपा चार बार सत्ता में रही तब लोगों ने पलायन नहीं किया। बसपा सरकार में डकैत व गुंडों का सफाया किया गया।
बसपा की सरकार बनने पर दूर करेंगे बुंदेलखंडी की समस्या
यदि बसपा की सरकार बनी तो बुंदेलखंड की समस्याएं दूर होंगी। गुंडा माफिया जेल में होंगें और धर्म के नाम पर किसी का उत्पीड़न नहीं होगा। बेरोजगारी दूर करने के भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। बसपा सुप्रीमो ने सपा को निशाने पर लेते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी गुंडों और माफियाओं की संरक्षक है। समाजवादी पार्टी ने गुंडों और माफियाओं को संरक्षण देकर लूट दंगा भड़काने का काम किया। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि देश व प्रदेश में आजादी के बाद कांग्रेस ने वर्षों राज किया। लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं किया।
उनके अथक प्रयास से डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न दिया गया। कांग्रेस पार्टी दलित व आदिवासी के लिए सिर्फ नाटक करती है। उसे महिलाओं की भी चिंता नहीं है।
यह भी पढ़ें: बरेली: ‘स्टार’ ने अपनी मांगों को लेकर कुलपति को सौंपा ज्ञापन, शिक्षकों को अधिकार देने में टालमटोल का लगाया आरोप
