मुरादाबाद: ट्रक चालक से लूट-हत्या का मुकदमा दर्ज
मुरादाबाद, अमृत विचार। रामपुर निवासी कैंटर चालक से 15 सितंबर 2021 की रात बदमाशों ने अमरोहा के डिडौली थानाक्षेत्र में सामान, पर्स और मोबाइल लूट लिया था। बदमाशों ने उसके सिर पर गंभीर चोट मारकर घायल कर दिया। तीन दिन बाद कैंटर चालक की दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। चालक के …
मुरादाबाद, अमृत विचार। रामपुर निवासी कैंटर चालक से 15 सितंबर 2021 की रात बदमाशों ने अमरोहा के डिडौली थानाक्षेत्र में सामान, पर्स और मोबाइल लूट लिया था। बदमाशों ने उसके सिर पर गंभीर चोट मारकर घायल कर दिया। तीन दिन बाद कैंटर चालक की दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। चालक के पिता रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए डिडौली थाने के चक्कर काटते रहे, मगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। अब कोर्ट के आदेश पर पाकबड़ा थाने में लूटपाट और गैरइरादतन हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
रामपुर के सिविल लाइंस निवासी जयवीर सिंह उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी नंदलाल गुप्ता के कैंटर पर चालक की नौकरी करता था। वह 15 सितंबर 2021 की रात नोएडा से माल छोड़ने के बाद खाली कैंटर लेकर रुद्रपुर लौट रहा था। इस दौरान अमरोहा की डिडौली कोतवाली क्षेत्र में बदमाशों ने गाड़ी रुकवा कर उसके सिर में चोट मारकर घायल कर दिया था। बदमाश उसका सामान, पर्स व् मोबाइल ले गए थे। जब गाड़ी रात 11 बजे तक मालिक के पास नहीं पहुंची तो नंदलाल गुप्ता ने चालक जयवीर को फोन किया।
घंटी जाती रही, मगर किसी ने फोन नहीं उठाया। तब उन्होंने कैंटर में लगे जीपीएस से पता किया तो जानकरी मिली कि गाड़ी डिडौली में हाईवे पर रुकी है। यह देख उन्हें शक हुआ और वह तत्काल जीपीएस की मदद से गाड़ी तक पहुंचे। उन्होंने देखा कि घायल जयवीर गाड़ी की साइड से टिका था। उसकी हालत गंभीर थी। उन्होंने डायल 112 पर फोन किया, मगर कॉल नहीं लग सकी।
उन्होंने घायल को मझोला के ब्राइट स्टार अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में उसे दिल्ली एम्स ले गए, जहां इलाज के दौरान 18 सितंबर को जयवीर की मौत हो गई। तब से उसके पिता रोशन लाल रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए डिडौली थाने के चक्कर काट रहे थे, मगर पुलिस ने बहाने बनाकर टरका दिया। तब उन्होंने कोर्ट की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश पर पाकबड़ा पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
प्रारंभिक जांच बाद केस डिडौली कोतवारी को होगा स्थानांतरित
इंस्पेक्टर रंजन शर्मा ने बताया कि गाड़ी मालिक घायल चालक को अस्पताल ले जाने के दौरान लगातार डायल 112 पर कॉल कर रहे थे। जब उनकी काल लगी, तब वह मझोला थानाक्षेत्र में आ चुके थे। इस आधार पर अदालत ने पाकबड़ा पुलिस को केस दर्ज करने का आदेश दिया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद मुकदमा डिडौली कोतवाली स्थानांतरित कर दिया जाएगा, क्योंकि घटनास्थल डिडौली कोतवाली क्षेत्र का है।
