संभल : हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, एक युवक की मौत, 16 लोग घायल
संभल/अमृत विचार। धनारी थाना क्षेत्र के गांव में सात दिनों से श्रीमद्भागवत कथा हो रही थी। शुक्रवार को कथा के समापन के बाद श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्राली से कलश विसर्जन के लिए जा रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्राली सड़क पर ही पलट गई। जिसमें बच्चे व महिलाएं सहित 18 लोग घायल हो …
संभल/अमृत विचार। धनारी थाना क्षेत्र के गांव में सात दिनों से श्रीमद्भागवत कथा हो रही थी। शुक्रवार को कथा के समापन के बाद श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्राली से कलश विसर्जन के लिए जा रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और ट्राली सड़क पर ही पलट गई। जिसमें बच्चे व महिलाएं सहित 18 लोग घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को आनन फानन में उपचार के जुनावई सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने नौ लोगों की हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिए। रास्ते में एक घायल युवक ने दम तोड़ दिया।
गुन्नौर तहसील के थाना धनारी में पिछले सात दिनों ने गांव अकराबाद में श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को श्रीमद् भागवत कथा का समापन किया गया और उसके बाद श्रद्धालु कलश विसर्जन करने के लिए वीरपाल सिंह के ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर असदपुर गंगा घाट पर जा रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर ट्राली जुनावई थाना क्षेत्र में लावर पुल पर पहुंचा ही था। ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया जिससे ट्राली सड़क पर ही पलट गई। श्रद्धालु इधर-उधर सड़क किनारे गिर पड़े। लोगों की चीख पुकार सुनकर आसपास गांव के लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।
वहीं ट्रैक्टर ट्राली में मौजूद कुछ लोगों ने पीआरवी डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्राली में दबे लोगों को निकाला। डायल 112 पुलिस ने एंबुलेंस से रामप्रकाश, मुकेश कुमार, नितिन कुमार, दानवीर, प्रेमपाल, उमेश, सरोज, अंकित, पवनेश, अमित, रमेश कुमार, कविता कुमारी, सोमबीर, गुड्डो देवी, कमला देवी, सत्यपाल, हर प्यारी सहित 18 लोगों को जुनावई सीएचसी में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने नौ लोगों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन घायलों को उपचार के लिए अलीगढ़ को लेकर जा रहे थे। रास्ते में 24 वर्षीय नितिन कुमार पुत्र सोनपाल की मौत हो गई। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया।
धनारी थाना क्षेत्र के गांव में अकराबाद के लोग श्रीमद् भागवत कथा समापन के बाद कलश विसर्जन और गंगा स्नान करने के लिए जा रहे थे। जुनावई के गांव लावर के पास ट्राली पलट गई। घायलों को उपचार के लिए जुनावई सीएचसी में भर्ती कराए गए हैं। जिनमें से कुछ घायलों को अलीगढ़ के लिए रेफर किया गया है।– सीओ गोपाल सिंह, बहजोई।
ये भी पढ़ें : संभल के ट्रक चालक की बुलंदशहर में सड़क हादसे में मौत
