अयोध्या: साकेत महाविद्यालय में उड़ी आचार संहिता की धज्जियां, एक अर्ध सरकारी संस्था ने किया प्रधानमंत्री की कई योजनाओं का प्रचार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। साकेत महाविद्यालय में शुक्रवार को चुनाव आयोग की ओर से लागू आचार संहिता की धज्जियां उड़ गई। ऐन जिला प्रशासन की नाक के नीचे साकेत महाविद्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान केन्द्र व प्रदेश सरकार की रोजगार परक योजनाओं का जमकर प्रचार किया गया। इस कार्यक्रम में प्राचार्य समेत सभी वक्ताओं ने प्रधानमंत्री रोजगार …

अयोध्या। साकेत महाविद्यालय में शुक्रवार को चुनाव आयोग की ओर से लागू आचार संहिता की धज्जियां उड़ गई। ऐन जिला प्रशासन की नाक के नीचे साकेत महाविद्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान केन्द्र व प्रदेश सरकार की रोजगार परक योजनाओं का जमकर प्रचार किया गया। इस कार्यक्रम में प्राचार्य समेत सभी वक्ताओं ने प्रधानमंत्री रोजगार योजना से लेकर अन्य योजनाओं के बारे में युवाओं को जानकारी देते हुए लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

यह कार्यक्रम लखनऊ की एक संस्था खादी ग्रामोद्योग आयोग एवं उद्यमिता विकास प्रशिक्षण संस्थान की ओर से आयोजित किया गया। कार्यक्रम को एक दिवसीय रोजगार सृजन जागरूकता नाम दिया गया। इसमें नेहरु युवा केंद्र को भी शामिल किया गया। साकेत महाविद्यालय की ओर से जारी की गई विज्ञप्ति से ही आचार संहिता के उल्लंघन की पुष्टि होती है। इतना ही नहीं इस कार्यक्रम में जिला ग्रामोद्योग अधिकारी खादी बोर्ड अशोक कुमार वर्मा तक बतौर अतिथि मौजूद थे। श्री वर्मा ने तो प्रधानमंत्री रोजगार योजना के तहत जानकारी दी। अधिकतर वक्ताओं की ओर से केन्द्र और प्रदेश सरकार की युवा बेरोजगारों से जुड़ी योजनाओं को ही अपने सम्बोधन के केंद्र में रखा।

प्राचार्य डॉ. अभय कुमार सिंह ने तो कहा कि वर्तमान में देश के प्रत्येक युवा को नौकरी नहीं मिल सकती इसलिए भारत सरकार ने रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम शुरू किया है। कार्यक्रम की आयोजक संस्था के क्षेत्रीय संयोजक नसीर खान का फोकस भी सरकार की योजनाओं पर रहा। यह अलग बात है कि दिखाने के लिए अंतिम में छात्र छात्राओं को मतदान के लिए शपथ की औपचारिकता निभाई गई। इस कार्यक्रम में वाणिज्य संकाय के अध्यक्ष डॉ मिर्जा शहाब शाह, डॉ अशोक कुमार मिश्रा, डॉ नागेंद्र सिंह, डॉ ओ पी सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।

सरकारी योजनाओं का जिक्र गलत, प्राचार्य से जवाब मांगा संबंधित कार्यक्रम को लेकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एडीएम प्रशासन अमित सिंह ने कहा कि यदि सरकारी योजनाओं का जिक्र हुआ है तो गलत है। आयोजन के बारे में भी प्रशासन को सूचना नहीं है, जिसे गंभीरता से लिया गया है। इस संबंध में प्राचार्य और संस्थान से जवाब तलब किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:-मथुरा: छाने लगी होली की खुमारी, द्वारिकाधीश मंदिर में रसिया गायन की हुई शुरुआत

संबंधित समाचार