अयोध्या: सपा-भाजपा कार्यकर्ताओं में देर रात हुए बवाल मामले में हुई सिर्फ शांतिभंग की कार्रवाई, सपा प्रत्याशी अभय सिंह रिहा
अयोध्या। जनपद की गोसाईगंज विधानसभा में शुक्रवार देर रात हुए भाजपा व सपा समर्थकों में बवाल के बाद मामले में गंभीर धाराओं में चार एफआईआर दर्ज हुई। रात में ही सात लोग गिरफ्तार भी हो गए। लेकिन शनिवार दोपहर तक शांति भंग की धाराएं लगाकर पांच लाख रुपये के मुचलके पर सपा प्रत्याशी अभय सिंह …
अयोध्या। जनपद की गोसाईगंज विधानसभा में शुक्रवार देर रात हुए भाजपा व सपा समर्थकों में बवाल के बाद मामले में गंभीर धाराओं में चार एफआईआर दर्ज हुई। रात में ही सात लोग गिरफ्तार भी हो गए। लेकिन शनिवार दोपहर तक शांति भंग की धाराएं लगाकर पांच लाख रुपये के मुचलके पर सपा प्रत्याशी अभय सिंह समेत अन्य को रिहा कर दिया गया। साथ ही दोनों तरफ के समर्थकों को आगे से ऐसा न करने की वार्निंग भी दी गई है।
काफिला आमने सामने आने से हुआ था बवाल
घटना गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र में थाना महराजगंज के नेव कबीरपुर चौराहे की है। शुक्रवार रात यहां सपा प्रत्याशी अभय सिंह और पूर्व विधायक खब्बू तिवारी की पत्नी भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी के समर्थक विकास सिंह जन-संपर्क कर रहे थे। रात आठ बजे दोनों दलों का काफिला आमने-सामने हो गया। बवाल तब बढ़ गया जब फायरिंग शुरू हो गई। इसके बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया। दोनों पक्ष थाने पहुंचे तो वहां भी उनमें पथराव शुरू हो गया। एसएसपी शैलेश पांडे ने मोर्चा संभालते हुए सभी को खदेड़ा।
सपाइयों ने मारपीट करते हुए की थी छीनाछपटी
घटना की कवरेज करने गए एक पत्रकार से भी सपाइयों ने मारपीट करते हुए छीनाझपटी की। पूरे मामले में चार एफआईआर दर्ज हुई। विकास सिंह और अभय सिंह की तरफ से क्रॉस एफआईआर 307 समेत अन्य धाराओं में कराई गई। तीसरी एफआईआर पुलिस ने थाने में बलवा करने के मामले में दर्ज की तो चौथी एफआईआर पत्रकार की तरफ से सपा के कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कराई गई।
पुलिस ने दोनों तरफ के पक्षों पर की थी कार्रवाई
भोर में सुबह चार बजे पुलिस ने थाने में बवाल करने के मामले में सपा प्रत्याशी अभय सिंह व उनके समर्थकों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद भाजपा समर्थक विकास सिंह समेत तीन को भी अरेस्ट कर लिया गया। एसएसपी शैलेश पांडे ने बताया कि दोनों पार्टियों के सात लोगों को शांतिभंग में चालान करते हुए महाराजगंज पुलिस ने एसडीएम सदर कोर्ट में पेश किया। अभय सिंह को पांच लाख के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। बाकियों को भी मुचलके पर रिहा किया गया।
हम जान बचाकर भाग रहे थे तो सपाइयों ने फायरिंग शुरू कर दी: विकास सिंह
भाजपा समर्थक विकास सिंह ने पुलिस को बताया कि नेव कबीरपुर से निमंत्रण करके वापस मया बाजार की तरफ जा रहा था। तभी चौराहे पर सपा प्रत्याशी अभय सिंह अपने काफिले को लेकर सामने आ गये और हमारी गाड़ियों को देखते ही ललकारा और कहा कि मारो इनको जाने न पाएं। उनके लोग अभय सिंह सहित गाड़ियों से उतर कर हमलावर हो गये और उनके हाथ में पत्थर पिस्टल और लाठियां थीं, जिससे उन लोगों ने हम पर हमला बोल दिया। हम लोग भागने लगे तो पीछे से जान से मारने की नियत से फायरिंग करने लगे। चूकि मैं भाजपा प्रत्याशी आरती तिवारी का समर्थक हूं और प्रचारक हूं इसलिये ये मुझसे रंजिश रखते हैं ।
मेरे काफिले पर हुई फायरिंग: अभय सिंह
सपा प्रत्याशी अभय सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मैं प्रचार करके उनियार से जाना बाजार जा रहा था। नेव कबीरपुर चौराहे के पास सामने से रास्ता रुका था। मैं अपनी गाड़ी में बैठा था। एस्कार्ट व गनर ने रास्ता खाली कराया। जब गाड़ी आगे बढ़ी तब हमने देखा रास्ते में विकास सिंह निवासी देवगढ़ अपने हाथ में पिस्टल लिये खड़ा था। साथ में रमेश दहाड़े निवासी पूरा बाजार व 20 अन्य अज्ञात भी थे। जैसे ही मेरी गाड़ी आगे बढ़ी तुरंत ही गोली की आवाज आयी और गाड़ी में पत्थर लगा। उसके बाद 4-5 फायर की आवाज आई और भी पत्थर चले।
यह भी पढ़ें: लखीमपुर-खीरी: अखिलेश ने सीएम योगी पर कसा तंज, पूछा- किसानों को कुचलने वालों पर कब चलेगा बाबा का बुलडोजर
