बरेली: फूड कंपनी की फ्रेंचाइजी देने के नाम पर व्यापारी से आठ लाख ठगे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। फूड फ्रेंचाइजी लेने का इरादा एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। जालसाजों ने फ्रेंचाइजी देने के नाम पर पांच लाख की मांग रखकर व्यक्ति से 8 लाख रुपये की रकम ऐंठ ली। अन्य रुपयों की मांग पर पीड़ित को जालसाजी का पता चला तो कैंट पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई …

बरेली, अमृत विचार। फूड फ्रेंचाइजी लेने का इरादा एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। जालसाजों ने फ्रेंचाइजी देने के नाम पर पांच लाख की मांग रखकर व्यक्ति से 8 लाख रुपये की रकम ऐंठ ली। अन्य रुपयों की मांग पर पीड़ित को जालसाजी का पता चला तो कैंट पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं एसएसपी द्वारा मामले का संज्ञान लेने के बाद कैंट पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।

कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया स्थित चेतना कॉलोनी निवासी हरिओम ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि कुछ दिनों पहले उन्होंने गूगल पर वाओ मोमो फूड प्राईवेट लिमिटेड कंपनी का विज्ञापन देखा था। इसके बाद उन्होंने दिए गए नंबरों पर फोन किया तो उनकी बात संजय व रोहित अंकुश कोहली नाम के दो व्यक्तियों से हुई। बातचीत में हरिओम ने फूड कंपनी की फ्रेंचाइजी खरीदने की इच्छा जताई तो जालसाजों ने अलग-अलग प्रक्रिया के तहत पांच लाख रुपये कंपनी के खाते में जमा करने की बात कही।

हरिओम जालसाजों के झांसे में आ गए और 2 फरवरी 2022 से लेकर 14 फरवरी 2022 तक पांच बार में 8 लाख छह हजार 500 रुपये अपनी पत्नी भारती के स्टैंडर्ड चार्टेड बैंक खाते से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया स्थित खाते में आईएमपीएस प्रक्रिया के तहत ट्रांसफर कर दिए। उन्होंने पुलिस को बताया कि 14 फरवरी को उनके पास फूड कंपनी के नाम से बनी मेल आईडी से एक ई-मेल पहुंचा, जिसमें ठगों द्वारा दोबारा 1.45 लाख रुपये की मांग की गई।

इस पर उन्हें शक हुआ तो उन्होंने ठगों को फोन किया तो जालसाजों ने दो दिन का समय मांगा। इसी दौरान हरिओम ने कंपनी के अन्य आउटलेटों पर पता किया तो पता चला कि कंपनी इस तरह से फ्रेंचाइजी का विक्रय नहीं करती है। इसके बाद से ठगों का नंबर बंद जा रहा है। वहीं पीड़ित ने एसएसपी से मामले की शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर कैंट पुलिस ने आरोपी संजय व रोहित अंकुश कोहली के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।

संबंधित समाचार