बरेली: मां के साथ एसएसपी से शिकायत करने पहुंचे चड्डा मार्केट के मालिक
बरेली, अमृत विचार। चड्डा मार्केट के मालिक और दुकान के किरायेदार व्यापारी के बीच विवाद गहराता जा रहा है। शुक्रवार को दोनों पक्षों ने कोतवाली थाने में आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए तहरीर दी पर पुलिस ने मार्केट के मालिक व उनके भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसके विरोध में शनिवार को चड्डा मार्केट के …
बरेली, अमृत विचार। चड्डा मार्केट के मालिक और दुकान के किरायेदार व्यापारी के बीच विवाद गहराता जा रहा है। शुक्रवार को दोनों पक्षों ने कोतवाली थाने में आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए तहरीर दी पर पुलिस ने मार्केट के मालिक व उनके भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसके विरोध में शनिवार को चड्डा मार्केट के मालिक अपनी बुजुर्ग मां के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और दूसरे पक्ष पर आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। एसएसपी ने मामले की जांच सीओ प्रथम को सौंप दी है।
कोतवाली क्षेत्र के मकरंदपुर सरकार स्थित चड्डा मार्केट निवासी गुरदीप सिंह शनिवार को अपनी बुजुर्ग मां महेंद्र कौर व अन्य साथियों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि 21 नवंबर 1994 को उन्होंने अपनी एक दुकान इलेक्ट्रानिक्स व्यापारी पवन चांदना को किराए पर दी थी। बताया कि दो साल पहले दुकान के किरायेनामे का समय भी पूरा हो गया था। इसके बावजूद भी व्यापारी उनकी दुकान में व्यापार कर रहा है।
दो साल से कई बार कहने व नोटिस भेजने के बाद भी किराया नहीं दिया। आरोप यह भी है कि इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी ने उनकी मां महेंद्र कौर को मृत बताकर किराए की फर्जी रसीदें बनवाई और यह दर्शा दिया कि वह किराया उनके भाई को दे रहे हैं। साथ ही इसके अलावा फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर व्यापारी ने उनके खिलाफ कोर्ट में केस भी कर दिया। जिसका विरोध करने पर व्यापारी अपने भाई व तीन-चार अज्ञात लोगों के साथ उनके घर में घुसा और दुकान खाली करने के लिए 20 लाख रुपये की मांग करने लगा। वहीं मार्केट मालिक की शिकायत सुनने के बाद एसएसपी ने सीओ प्रथम श्वेता कुमारी यादव को मामले की जांच सौंपते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
