मुरादाबाद : पतंगबाजी के दौरान दो पक्ष भिड़े, पथराव में कई घायल
मुरादाबाद/अमृत विचार। पतंगबाजी को लेकर कटघर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चले। इस दौरान एक पक्ष के लोग दरवाजा तोड़कर महिला के घर में घुस गए और उसके बच्चों से मारपीट की। पथराव और मारपीट में महिला समेत कई लोग घायल हो गए। घटना से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच …
मुरादाबाद/अमृत विचार। पतंगबाजी को लेकर कटघर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात दो पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चले। इस दौरान एक पक्ष के लोग दरवाजा तोड़कर महिला के घर में घुस गए और उसके बच्चों से मारपीट की। पथराव और मारपीट में महिला समेत कई लोग घायल हो गए। घटना से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने 14 नामजद समेत 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कटघर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पीरजादा में रोजे वाली मस्जिद के पास रहने वाले मोहम्मद सलीम ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब छह बजे पड़ोस में रहने वाले मोहम्मद फैजान, मोहम्मद शाकिर और आसिफ उर्फ सोनू उनके मकान की छत पर पतंग उड़ा रहे थे। इस दौरान वह आपस में गाली-गलौज भी कर रहे थे। इस पर उनके भाई रईस छत पर पहुंचे और गालियां देने का विरोध कर बच्चों को समझाते हुए डांट दिया।
आरोप है कि आसिफ उर्फ सोनू और उसके भाई मोहम्मद आदिल रईस को गालियां देने लगे। इसके बाद दोनों ने ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। रईस आरोपियों के घर शिकायत करने गया तो दोनों आरोपियों ने अपने भाइयों गजा अली, सुब्हान, इदरीश और अब्दुल मलिक को भी बुला लिया। इन लोगों ने रईस को घेर लिया और सरियों तथा छुरियों से हमला करके लहूलुहान कर दिया। यह देख मोहल्ले का फैजान बचाने लगा तो आरोपियों ने उसे भी सरियों से पीटकर घायल कर दिया। हंगामा होने पर पहुंचे मोहल्ले के ही शाहिद और आलम घायलों को उठाकर लाए। इसके बाद भी दबंगों ने उनके घरों पर ईंट-पत्थर बरसाए। मोहम्मद सलीम की तहरीर पर पुलिस ने मोहम्मद फैजान, मोहम्मद शाकिर, आसिफ उर्फ सोनू और उसके पांच भाइयों मोहम्मद आदिल, गजा अली, सुब्हान, इंदीस, अब्दुल मलिक समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उधर हाजरा ने बताया कि उसके बच्चों की दूसरे पक्ष से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद रईस (रवाईवाड़) उसके भाई अतीक, हारिश, जैद, राशिद पुत्र यामीन और शकील ने अपने उसके घर पर पथराव किया। हमलावर दरवाजा तोड़कर जबरन घर में घुस आए और उसे व उसके बच्चों को पीटा। इस दौरान हमलावरों ने धक्का देकर उसे जमीन पर गिरा दिया। हाजरा की तहरीर पर दो सगे भाइयों समेत छह नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई है।
पतंग कटने को लेकर बच्चों में विवाद हुआ था। बाद में इसमें बड़े भी शामिल हो गए और एक-दूसरे पर पथराव किया। इसमें दो लोग घायल हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। दोनों पक्षों की तहरीर पर एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। -आशुतोष तिवारी, सीओ, कटघर
