लखनऊ: पत्नी व पेशेवर अपराधी के साथ मिलकर तहसीलदार ने की थी कांस्टेबल रुचि की हत्या
लखनऊ। 13 फरवरी से लापता महिला आरक्षी रुचि सिंह की हत्या का खुलासा हो गया है। दरअसल उसके प्रेमी प्रतापगढ़ के रानीगंज के तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव ने अपनी पत्नी प्रगति श्रीवास्तव व एक पेशेवर अपराधी नामवर सिंह के साथ मिलकर रुचि की हत्या की थी। इसके बाद शव को कल्ली पश्चिम स्थित नाले में फेंक …
लखनऊ। 13 फरवरी से लापता महिला आरक्षी रुचि सिंह की हत्या का खुलासा हो गया है। दरअसल उसके प्रेमी प्रतापगढ़ के रानीगंज के तहसीलदार पद्मेश श्रीवास्तव ने अपनी पत्नी प्रगति श्रीवास्तव व एक पेशेवर अपराधी नामवर सिंह के साथ मिलकर रुचि की हत्या की थी। इसके बाद शव को कल्ली पश्चिम स्थित नाले में फेंक दिया था। यह जानकारी सोमवार को डीसीपी पूर्वी अमित आनंद ने अपने गोमती नगर स्थित कार्यालय में प्रेसवार्ता करते हुए दी।
याद हो कि गत 19 फरवरी को पीजीआई पुलिस ने माती नाले में महिला का शव बरामद किया था। 20 फरवरी को इस शव की पहचान 13 फरवरी से लापता चल रही महिला आरक्षी रुचि के रूप में उसके परिजनों ने की। पहले अनार जूस में अलप्रास की टैबलेट मिलाकर किया बेहोश, फिर सिर पर किया वार
पद्मेश ने बताया कि रुचि की हत्या के लिए तीनों अभियुक्त कार से 12 फरवरी को पीजीआई पहुंचे थे। यहीं पर बातचीत करने के लिए रुचि को बुलाया। रुचि को अनार जूस में 10 टैबलेट अलप्रास (बेहोशी की दवा) मिलाकर पीने को दी। जूस पीने के बाद रुचि बेहोश हो गई तो नामवर ने उसके सिर पर लोहे के हथियार से तेज वार कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद नामवर ने शव को ले जाकर कल्ली पश्चिम स्थित नाले में फेंक दिया।
18 माह से चल रहा था प्रेम प्रसंग
डीसीपी अमित आनंद ने बताया कि पद्मेश पूर्व से शादीशुदा था। 18 माह पूर्व उसकी फेसबुक के माध्यम से रुचि से दोस्ती हुई थी। रुचि ने बताया था कि वह भी पूर्व से शादीशुदा है और पारिवारिक कलह के कारण पति कांस्टबेल नीरज से उसका तलाक होने वाला है।
बकौल पद्मेश, दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। इसी बीच रुचि पद्मेश पर शादी करने का दबाव बनाने लगी। पद्मेश ने ये बात अपनी पत्नी प्रगति को बताई तो दोनों ने मिलकर रुचि की हत्या की योजना बनाई। पद्मेश ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर कुछ दिनों पूर्व उसकी मुलाकात नामवर सिंह से हुई थी। जमीन दाखिल-खारिज करवाने की शर्त पर नामवर सिंह भी रुचि की हत्या करने के लिए तैयार हो गया।
मोबाइल लोकेशन से हुई पद्मेश की धरपकड़
डीसीपी अमित ने बताया कि शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने महिला आरक्षी के मोबाइल का सीडीआर निकाला। इसमें पद्मेश के कॉल रिकॉर्ड्स मिले। वहीं सीडीआर में 12 फरवरी की शाम 8 बजे की दोनों की एक ही लोकेशन मिली। इस शक के आधार पर गत 20 फरवरी को पुलिस ने प्रतापगढ़ के ट्रांजिट हॉस्टल से पद्मेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी पत्नी प्रगति व नामवर सिंह को गिरफ्तार किया गया।
यह भी पढ़ें: कन्नौज: शराबी ने पत्नी को चाकू से किया घायल, जख्मी महिला ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
