बरेली: चुनाव में ड्यूटी कर रहे हेड कांस्टेबल के घर में लाखों की चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार,बरेली। चुनाव की ड्यूटी में गए एक हेड कांस्टेबल के घर में चोर घुस गए। घर की अलमारियों व लॉकर के ताले तोड़कर चोरों ने हजारों की नकदी समेत सोने चांदी के लाखों के जेवर चोरी कर लिए। घटना वाले दिन पुलिसकर्मी की पत्नी व बेटी भी घर पर नहीं थीं। पड़ोसी से मिली …

अमृत विचार,बरेली। चुनाव की ड्यूटी में गए एक हेड कांस्टेबल के घर में चोर घुस गए। घर की अलमारियों व लॉकर के ताले तोड़कर चोरों ने हजारों की नकदी समेत सोने चांदी के लाखों के जेवर चोरी कर लिए। घटना वाले दिन पुलिसकर्मी की पत्नी व बेटी भी घर पर नहीं थीं। पड़ोसी से मिली चोरी की सूचना पर पुलिसकर्मी के परिजन घर पहुंचे और कैंट पुलिस से शिकायत की।

तहरीर पर कैंट पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कैंट थाना क्षेत्र स्थित आरटीओ कार्यालय के पास राजीव नगर कॉलोनी निवासी लोकेश कुमार 8वीं बटालियन में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव में ड्यूटी करने के लिए वह उन्नाव गए हुए थे। बताया कि 17 फरवरी को उनके साले व सलहज का एक्सीडेंट हो गया था, जिन्हें उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

पुलिसकर्मी की पत्नी व बेटी उन्हें देखने के लिए उत्तराखंड गए हुए थे। इसी दौरान 18 फरवरी की रात चोर ताले तोड़कर उनके घर में घुस गए। 19 फरवरी की सुबह पड़ोसी श्यामलाल की बेटी ने फोन पर चोरी की सूचना उनकी पत्नी को दी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी की पत्नी ने निकटतम चौकी पर चोरी के बारे में बताया।

इसके बाद नकटिया चौकी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो ताले टूटे पड़े थे और घर के अंदर जेवरातों के खाली डिब्बे बिखरे पड़े थे। चुनाव ड्यूटी से छुट्टी लेकर घर पहुंचे लोकेश कुमार ने बताया कि चोर घर से करीब 30 हजार रुपये की नकदी समेत उनकी बेटी व पत्नी के लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर गए। हेड कांस्टेबल की तहरीर पर कैंट पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें-

बरेली: ‘साहब… महिला के चंगुल से मेरे बेटे को छुड़ाओ, करवाती है मेरे ही घर में चोरी’

संबंधित समाचार