संभल : निर्माणाधीन पुलिया के गड्ढे में गिरने से बाइक सवार युवक की मौत
संभल, अमृत विचार। सोमवार की देर रात बाइक से घर लौट रहे युवक की बाइक निर्माणाधीन पुलिया के गड्ढे में गिरकर गई। जिससे बाइक सवार गंभीर घायल हो गया। राहगीरों ने गड्ढे में गिरे युवक के परिजनों और पुलिस को सूचित किया। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और युवक को उपचार के लिए ले गए। …
संभल, अमृत विचार। सोमवार की देर रात बाइक से घर लौट रहे युवक की बाइक निर्माणाधीन पुलिया के गड्ढे में गिरकर गई। जिससे बाइक सवार गंभीर घायल हो गया। राहगीरों ने गड्ढे में गिरे युवक के परिजनों और पुलिस को सूचित किया। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और युवक को उपचार के लिए ले गए। लेकिन, घायल युवक की रास्ते में ही मौत हो गई। जिससे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। परिजनों और ग्रामीणों ने निर्माण करा रहे लोगों के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। बाद में बिना किसी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
असमोली थाना क्षेत्र के गांव सेंदरी तेलीपुरा निवासी 32 वर्षीय जाबिर पुत्र जाहिद सोमवार को बाइक से थाना हयातनगर क्षेत्र के गांव बबैना निवासी साले अनीस को दवाई दिलाने के लिए मुरादाबाद के निजी चिकित्सक के पास लेकर गया था। दवाई दिलाकर घर जाने के लिए अनीस को रोडवेज बस में बैठा दिया और खुद बाइक से देर शाम को अपने गांव वापस आ रहा था। जैसे ही गांव तेलीपुरा के पास बाइक सवार पहुंचा तो मार्ग पर चल रहे पुलिया के निर्माण के आस पास कोई संकेतांक नहीं लगा गया था।
जिससे युवक बाइक समेत पुलिया के गड्ढे में गिरकर घायल हो गया। वहीं से गुजर रहे लोगों ने गड्ढे में पड़े युवक को देखकर डायल 112 को सूचना दी। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे परिजन घायल बाइक युवक को उपचार के लिए निजी वाहन से मुरादाबाद ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही युवक की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर सुन परिवार में कोहराम मच गया।
परिजन शव को लेकर घर पहुंचे। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और लोगों ने जेई और ठेकेदार के खिलाफ प्रदर्शन भी किया। बाद में परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों ने बताया कि युवक गांव में ही रहकर खेती बाड़ी कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था। युवक की मौत होने से छह बच्चों के पालन पोषण की जिम्मेदारी पत्नी शाहना के कंधों पर आ गई है। पति की मौत होने से पत्नी शाहना का रो रोकर बुरा हाल है।
