मुरादाबाद : मां को नशीला पदार्थ खिला नाबालिग प्रेमी संग फरार, तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मां को नशीला पदार्थ खिलाकर नाबालिग अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। दो दिन बाद भी वृद्धा को अब तक होश नहीं आ सका है। आरोपी दुष्कर्म के आरोप में जेल से पेरोल पर छूटा था। परिजनों की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपियों को गिरफ्तार …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मां को नशीला पदार्थ खिलाकर नाबालिग अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। दो दिन बाद भी वृद्धा को अब तक होश नहीं आ सका है। आरोपी दुष्कर्म के आरोप में जेल से पेरोल पर छूटा था। परिजनों की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोपियों को गिरफ्तार कर नाबालिग को सकुशल बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मामला सिविल लाइंस थाने के मोहल्ला फकीरपुरा का है। यहां रहने वाली वृद्धा अपनी नाबालिग बेटी के साथ रहती है। मकान की पहली मंजिल पर उसका बेटा और बहू रहते हैं। पास में बड़ा बेटा अपने परिवार के साथ रहता है। किशोरी के मझोला थानाक्षेत्र के काशीराम नगर निवासी राजू से प्रेम संबंध थे। रविवार की रात मां-बेटी कमरे में सो रहे थे। इस दौरान किशोरी ने मां को बेहोश कर दिया और प्रेमी राजू के साथ फरार हो गई।

परिजनों ने काफी तलाश की, मगर सुराग नहीं मिला। तब उन्होंने सिविल लाइंस पुलिस को तहरीर दी। इसमें किशोरी के भाई ने बताया कि 20 फरवरी की शाम छह बजे उसकी नाबालिग बहन दुकान से सामान लेने गई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। काम से लौटने के बाद उसने अपनी बहन को रिश्तेदारों, परिचितों के यहां तलाश किया, मगर पता नहीं चला।

युवक के अनुसार सोमवार को अपनी बहन की तलाश में निकला था। तब फरमान मैकेनिक ने बताया कि तुम्हारी बहन को राजू अपनी बहन आरती और अंकुश अग्रवाल के साथ अपने टैंपो में ले जा रहे थे। आरती ने किशोरी के मुंह पर कपड़ा रख रखा था। पीड़ित ने राजू व अंकुश के घर जाकर पता किया मगर दोनों गायब मिले।

किशोरी के भाई ने अपनी बहन के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस आरपी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश भी दी, मगर वह हत्थे नहीं चढ़ सके। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करके किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

संबंधित समाचार