मुरादाबाद : कोरोना का असर, नहीं लगवाई है दूसरी डोज तो परीक्षा से रहेंगे वंचित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/अमृत विचार। जिले में हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा में बैठने वाले छात्र-छात्राओं के लिए जरूरी खबर है। कोरोना के तीसरे वेरिएंट को देखते हुए शिक्षा विभाग ने तय किया है कि परीक्षा से पहले सभी परीक्षार्थियों को कोरोना का टीका लगवाना होगा। टीकाकरण का जिम्मा शिक्षकों के कंधों पर दिया गया है। वैक्सीनेशन …

मुरादाबाद/अमृत विचार। जिले में हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षा में बैठने वाले छात्र-छात्राओं के लिए जरूरी खबर है। कोरोना के तीसरे वेरिएंट को देखते हुए शिक्षा विभाग ने तय किया है कि परीक्षा से पहले सभी परीक्षार्थियों को कोरोना का टीका लगवाना होगा। टीकाकरण का जिम्मा शिक्षकों के कंधों पर दिया गया है। वैक्सीनेशन नहीं कराने वाले छात्र-छात्राओं को बोर्ड परीक्षा में नहीं बैठने दिया जाएगा।

जिले में सीबीएससी और यूपी बोर्ड के करीब एक लाख, 41 हजार छात्र-छात्राएं है जो इस बार बोर्ड परीक्षा देंगे। विधानसभा चुनावों के बीच, कोरोना के नियमों को पालन करते हुए यूपी बोर्ड परीक्षा कराई जानी है। माध्यमिक शिक्षा परिषद के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। जिसको लेकर विद्यार्थियों के परीक्षा फार्म भरे जा चुके हैं। जल्द ही परीक्षा की तिथि भी घोषित कर दी जाएंगी।

वहीं परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिले में इस बार 125 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें हाई स्कूल के 42530 और इंटरमीडिएट के 37553 छात्र सहित कुल 80073 छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। इसके अलावा 60927 छात्र-छात्राएं सीबीएससी बोर्ड के है। कुल मिलाकर जिले में एक लाख, 41 हजार छात्र-छात्राएं हैं जो बोर्ड परीक्षा देंगे। ऐसे में डीआईओएस के आदेश पर स्कूलों में कैंप लगाया जा रहा है। साथ ही स्कूल नहीं पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं को वैक्सीनेशन के लिए जागरूक किया जा रहा है।

नौवीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षा की तैयारी तेज
मुरादाबाद। चुनाव प्रक्रिया के बीच माध्यमिक शिक्षा परिषद ने प्री बोर्ड और गृह परीक्षा के लिए समय सीमा निर्धारित कर दी है, जिसके तहत मार्च के द्वितीय सप्ताह तक कक्षा 9 और 11 की वार्षिक परीक्षाएं अनिवार्य रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्री बोर्ड की लिखित और प्रायोगिक परीक्षा कराकर मार्च के अंतिम सप्ताह तक वेबसाइट पर अंक अपलोड करने का समय निर्धारित किया है, जिसके बाद डीआईओएस से सभी स्कूलों को पत्र जारी कर तय समय सीमा के अंदर परीक्षा कराने के निर्देश दिए हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने परीक्षाएं आयोजित कराने के संबंध में पत्र जारी किया। इसके पालन में बोर्ड सचिव ने प्री-बोर्ड की लिखित व प्रायोगिक परीक्षा फरवरी के अंतिम सप्ताह तक और कक्षा नौ एवं ग्यारह की वार्षिक परीक्षा प्रत्येक दशा में मार्च के द्वितीय सप्ताह तक कराने के निर्देश दिए हैं। डीआईओएस अरुण कुमार दुबे ने बताया कि प्री बोर्ड की परीक्षा कुछ स्कूलों में शुरू हो गई हैं। प्री बोर्ड के परीक्षार्थियों के प्राप्तांक को मार्च के द्वितीय सप्ताह में और कक्षा नौ व ग्यारह की गृह परीक्षा के प्राप्तांक को मार्च के तृतीय सप्ताह में बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कराया जाना है। सभी स्कूलों को पत्र जारी कर निर्देशित कर दिया गया है। इसी के साथ छात्र-छात्राओं को परीक्षा की तैयारी कराने के लिए कहा गया है।

कोरोना गाइडलाइन पर ली जायेगी परीक्षा
बोर्ड द्वारा सभी जिला शिक्षा कार्यालय के साथ परीक्षा केंद्रों को कोरोना गाइडलाइन जारी की गयी है। परीक्षा के पहले हर दिन केंद्र की सभी कक्षाओं को सेनेटाइज किया जाएगा। बेंच डेस्क की सफाई की जायेगी। इसके अलावा दो बेंच के बीच दो फीट की दूरी रखी जायेगी। जगह कम पड़ेगी तो प्रयोगशाला और पुस्तकालय में भी परीक्षा के लिए जगह बनायी जायेगी।

कई स्कूलों में 60 फीसदी टीकाकरण
कोरोना टीकाकरण के लिए हर दिन स्कूलों में कैंप लगाया जा रहा है लेकिन टीका के लिए छात्र नहीं पहुंच रहे हैं। खासकर ग्रामीण इलाके के सरकारी स्कूलों में टीका लेने वाले छात्रों की संख्या कम है। ऐसे में स्कूलों द्वारा छात्र-छात्राओं को टीके के लिए जागरुक किया जा रहा है।

डीआईओएस डा. अरुण कुमार दुबे ने बताया कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोरोना का टीका आवश्यक रूप से लगवाना है। उम्मीद है कि परीक्षा की तिथि की घोषणा से पहले सभी छात्र-छात्राओं को टीके की पहली और दूसरी डोज लगवाई जाएगी। सभी स्कूलों को शत-प्रतिशत वैक्सिनेशन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : कुकर्म के विरोध पर पति ने दिया सात बच्चों की मां को तलाक

संबंधित समाचार