मुरादाबाद : शोहदों की हरकत से तंग आकर किशोरी ने छोड़ी परीक्षा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। गांव के दो युवकों ने किशोरी का स्कूल आना-जाना दूभर कर दिया। किशोरी के समझाने के बाद भी आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। शोहदों के डर से किशोरी ने स्कूल जाना ही बंद कर दिया, जिससे उसकी 10वीं की परीक्षा छूट गई। तंग आकर किशोरी के पिता ने एसएसपी से …

मुरादाबाद, अमृत विचार। गांव के दो युवकों ने किशोरी का स्कूल आना-जाना दूभर कर दिया। किशोरी के समझाने के बाद भी आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। शोहदों के डर से किशोरी ने स्कूल जाना ही बंद कर दिया, जिससे उसकी 10वीं की परीक्षा छूट गई। तंग आकर किशोरी के पिता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई।

मामला बिलारी थानाक्षेत्र के एक गांव का है। यहां रहने वाले ग्रामीण ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनकी नाबालिग बेटी 10वीं की छात्रा है। गांव में ही रहने वाले दो युवक काफी दिनों ने उनकी बेटी के पीछे पड़े हैं। इनमें से एक युवक दूसरे समुदाय का है। दोनों आरोपियों ने उनकी बेटी का घर से निकलना दूभर कर दिया। तब उन्होंने थाने में शिकायत कर दी।

इस पर गांव के संभ्रांत लोगों ने पंचायत बुला ली। इसमें दोनों आरोपियों ने माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसा नहीं करने का आश्वासन दिया। मगर, इसके कुछ ही दिन बाद आरोपी फिर से अपनी हरकतों को दोहराने लगे। उनके डर से किशोरी ने स्कूल जाना छोड़ दिया। इससे उसकी 10वीं की परीक्षा भी छूट गई।

ग्रामीण का आरोप है कि अभी भी आरोपी किशोरी से छेड़छाड़ करते हैं। विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। पीड़ित ने किशोरी की जानमाल और इज्जत पर खतरे की आशंका जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एसएसपी बबलू कुमार ने एसएचओ बिलारी को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए शिव सैनिकों ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

संबंधित समाचार