मुरादाबाद: बच्चों के विवाद में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट, कुली की मौत, पत्नी गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बच्चों के बीच हुए विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि दो भाइयों ने अपने बेटे और साले के साथ मिलकर कुली और उसकी पत्नी की जमकर धुनाई कर दी। मारपीट में घायल कुली की कुछ देर बाद ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी की हालत गंभीर बनी है। मृतक के भाई …

मुरादाबाद, अमृत विचार। बच्चों के बीच हुए विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि दो भाइयों ने अपने बेटे और साले के साथ मिलकर कुली और उसकी पत्नी की जमकर धुनाई कर दी। मारपीट में घायल कुली की कुछ देर बाद ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी की हालत गंभीर बनी है। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चारों आरोपियों पर नामजद मुकदमा दर्ज किया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मझोला थानाक्षेत्र की मियां कॉलोनी जयंतीपुर गली नंबर आठ निवासी 45 वर्षीय मो. रईस रोडवेज में कुली थे। उनके भाई कटघर के छोटी मंडी असालतगंज निवासी मो. अमीर ने बताया कि बुधवार रात साढ़े नौ बजे रईस के बेटे फैज आलम को तसलीम के पुत्र फरमान से किसी बात पर विवाद हो गया था। तसलीम उनके भतीजे को पीटने लगा। बच्चे ने शोर मचाया तो रईस अपनी पत्नी नसरीन जहां के साथ मौके पर पहुंचे।

उन्होंने अपने बेटे को पीटने का विरोध किया, जिस पर तसलीम ने अपने भाई यूनुस, साले हसीब और यूनुस के बेटे जुनैद को भी बुला लिया। चारों ने रईस, उनकी पत्नी व बेटे को लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। हंगामा होने पर पहुंचे पड़ोसियों ने किसी तरह मामला शांत कराया। घर आते ही रईस की हालत खराब हो गई। उन्हें तत्काल कोहिनूर तिराहे स्थित डॉ. फारुख के यहां ले गए, मगर उन्होंने इलाज करने से मना कर दिया।

इसके बाद परिजन उन्हें लेकर लाकड़ी रोड स्थित सलेक्टर अस्पताल पहुंचे, मगर वहां भी डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए। तब उन्हें साईं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने रईस को मृत घोषित कर दिया। मो. अमीर के अनुसार इसके बाद वह अपने भाई का शव लेकर घर चले गए और थाने जाकर पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तस्लीम, उसके भाई यूनुस, भतीजे जुनैद और साले हसीब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

संबंधित समाचार