ढोंग का स्टिंग: मौत का भय दिखा ऑनलाइन ठगी
जूही/अमृत विचार। ढोंगी बाबाओं के विज्ञापन नगर में चहुंओर लगे हैं। आए दिन ठगी के मामलों को देखते हुए अमृत विचार ने फोन पर हर समस्या का समाधान करने वाले बाबा अमन गुरु से बात की। इस दौरान बाबा ने दावा किया कि उनके पास दुनिया की हर समस्या का समाधान है। महज दो घंटे …
जूही/अमृत विचार। ढोंगी बाबाओं के विज्ञापन नगर में चहुंओर लगे हैं। आए दिन ठगी के मामलों को देखते हुए अमृत विचार ने फोन पर हर समस्या का समाधान करने वाले बाबा अमन गुरु से बात की। इस दौरान बाबा ने दावा किया कि उनके पास दुनिया की हर समस्या का समाधान है। महज दो घंटे की तंत्र साधना में वह कुछ भी करने में सक्षम हैं। बाबा ने यह भी कहा कि वही असली वाले बाबा हैं, बाकी तो ढोंगी हैं।
रिपोर्टर: अमन बाबा बोल रहे हो?
बाबा: हां बेटा
रिपोर्टर: बाबा में बहुत परेशान हूं। अखबार में आपका विज्ञापन देखा तो थोड़ी आस जगी है।
बाबा: बेटा परेशानी क्या है?
रिपोर्टर: बाबा मेरे पेट में जगह-जगह गांठें हो रही है.. हर जगह दिखाया, खूब दवाई खाई, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। इन गांठों में जब दर्द होता है तो जान निकल जाती है।
बाबा: बेटा क्या नाम है तेरा
रिपोर्टर: मेरा नाम नेहा है बाबा।
बाबा: ठीक है बेटा आधे घंटे बाद फोन करना, देखकर बताता हूं कारण क्या है…..
आधे घंटा बाद फोन की घंटी बजी…..
रिपोर्टर: हेल्लो कौन?
बाबा: बेटा मैं बाबा बोल रहा हूं।
रिपोर्टर: हां बाबा..
बाबा: बड़ी समस्या है बेटा और खर्चा भी बहुत हो जाएगा इसके लिए…
रिपोर्टर: क्या हुआ बाबा…
बाबा: किसी का किया कराया है तेरे ऊपर.. इसका जल्द काट नहीं किया तो ये गांठें सारे शरीर में फैलेंगी। इससे जान का भी खतरा है।
रिपोर्टर: बाबा क्या उपाय है और कितना खर्चा आ जाएगा?
बाबा: उतारा और तंत्र-मंत्र से काट करना होगा। हम तो कोई फीस नहीं लेंगे, लेकिन पूजन सामग्री मंगानी पड़ेगी। इसमें 5100 रुपये का खर्चा आएगा। 21 प्रकार की पूजन सामग्री आएगी। तेरे नाम से दो घंटे की तांत्रिक पूजा है। पूजा के 24 घंटे के अंदर ही असर दिखने लगेगा। तीन दिन में सभी गांठे घुल जाएंगी
रिपोर्टर: पैसे कैसे देने होंगे बाबा
बाबा: बेटी पेटीएम या गूगल पे चलाती हो?
रिपोर्टर: ये क्या होता है बाबा
बाबा: चलो ठीक है, तुम तो अकांउट नंबर लिख लो, 31646927688, ये एसबीआई का खाता है। यूसूफ नाम से, जब पैसे भेजो तो बता देना। सामग्री मंगाकर पूजा शुरू कर दूंगा।
विज्ञापन के जरिए शिकार तलाशते हैं बाबा
इन तांत्रिकों के विज्ञापन चहुं ओर मिल जाएंगे। बस ट्रेनऔर सार्वजनिक स्थानों पर ही नहीं, तमाम प्रतिष्ठित अखबारों में भी इनके विज्ञापनों की भरमार है। विभिन्न समस्याओं से ग्रसित तमाम लोग ये विज्ञापन देखकर इनके चंगुल में फंस ही जाते हैं। इसके चलते इस डिजिटल युग में भी इनकी दुकानें खूब चल रही हैं। विज्ञापन में ये बाबा ऐसी समस्याओं के समाधान का दावा करते हैं जो अमूमन हर व्यक्ति के साथ होती हैं। इससे लोग आसानी से भरोसा भी कर लेते हैं।
यूपीआई से मंगाते हैं रुपया
शिकार जाल में फंसने के बाद ये बाबा आम तौर यूपीआई के जरिए पैसे मंगाते हैं। किसी कारणवस यदि शिकार यूपीआई से पैसे भेजने में अक्षम होता है तो उसे बैंक खाते में रुपये डालने को कहते हैं। वहीं एक बार जाल में फंसने के बाद ये बाबा पीड़ितों से बार बार रुपयों की डिमांड करते हैं। वहीं दूसरी ओर लोग समाधान की आस में रुपये भेजते जाते हैं। वहीं जब तक उन्हें ठगी का एहसास होता है, वह काफी कुछ गंवा चुके होते हैं।
ड्रग्स एंड मैजिक रेमेडीज एक्ट-1954 के तहत कार्रवाई संभव
इन ढोंगी बाबाओं के खिलाफ कार्रवाई का प्रावधान कानून में है। एडवोकेट विनोद चौधरी ने बताया कि ड्र्ग्स एंड मैजिक रेमेडीज एक्ट-1954 के सेक्शन 7 में कोई भी व्यक्ति अंधविश्वास को बढ़ावा देने वाला काम नहीं कर सकता। चाहे वह इश्तिहार हो या मैजिकल ट्रिक्स। इस तरह के मामलों में पुलिस खुद संज्ञान लेकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सकती है। इस एक्ट में आरोपी को पहली बार में छह साल की जेल या जुर्माना या दोनों ही हो सकता है। वहीं दूसरी बार में उम्र कैद और जुर्माना दोगुना हो जाता है।
क्या कहते हैं मनोचिकित्सक
मनोवैज्ञानिक एसोसिएट प्रो. डॉ. मीनू महलोत्रा बताती हैं कि तंत्रमंत्र केवल एक अंधविश्वास है। सच्चाई से इसका कोई सरोकार नहीं है। जब आप लगातार किसी काम के लिए प्रयास करते हैं तो ही परिणाम अच्छे आते हैं। इसमें किसी बाबा स्वामी का कोई रोल नहीं होता है। मेडिकल साइंस में अंधविश्वास भी एक बीमारी है। जिसके चलते व्यक्ति अपने अंदर उपजे विचारों को सही मानने लगता है और उसे दूसरों पर भी थोपने का प्रयास करता है। परेशानी की हालत में व्यक्ति में सही-गलत समझने की शक्ति समाप्त हो जाती है। इसके लिए मनोचिकित्सक से सलाह लेना उपयुक्त रहता है।
एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने कहा कि हमें कोई जानकारी नहीं है कौन असली और कौन नकली तांत्रिक है। हमारे पास कोई शिकायत आती है तो उसका संज्ञान ले लिया जाएगा। शिकायत के आधार पर ही धाराएं लगाकर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
ये भी पढ़े : मुरादाबाद: पंचायत ने सुनाया तुगलकी फरमान, दुष्कर्म के आरोपी से नाबालिग की शादी का दिया आदेश
