लखीमपुर-खीरी: पटरी से उतरी कानून व्यवस्था, रोजाना हो रही हत्या की वारदात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के मतदान के बाद जिले की कानून व्यवस्था पटरी से उतरती दिख रही है। चोरी और हत्या की घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है। हैरत की बात यह है कि मतदान के दो दिन पहले से लेकर लगातार हत्याएं हो रहीं हैं। पांच दिन में हुई …

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव के चौथे चरण के मतदान के बाद जिले की कानून व्यवस्था पटरी से उतरती दिख रही है। चोरी और हत्या की घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है। हैरत की बात यह है कि मतदान के दो दिन पहले से लेकर लगातार हत्याएं हो रहीं हैं। पांच दिन में हुई महिला समेत पांच लोगों की हत्या से जिलेवासी कांप उठे हैं। अब उनमें असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। पुलिस अफसरों ने भी छोटी-छोटी बातों को लेकर होने वाली हत्या जैसी इन वारदातों पर लगाम कसने के लिए कोई ठोस रणनीति बनाने की तरफ कोई पहल नहीं की है।

जिले में चौथे चरण में विधानसभा चुनाव हुआ है। 23 फरवरी को वोट डाले गए थे। चुनाव में व्यस्त पुलिस को चोर उचक्के लगातार चुनौती दे रहे हैं। शहर, मैगलंगज, मोहम्मदी आदि थाना क्षेत्रों अब तक आधा दर्जन से अधिक चोरियां हो चुकी हैं। पुलिस ने कहीं रिपोर्ट दर्ज की तो कहीं धाराओं में खेल किया। कहीं जांच की बात कह पीड़ित को टरकाती रही। मतदान से एक दिन पहले जिले में हत्याओं का दौर शुरू हुआ, जो थमने का नाम नहीं ले रहा है। आंकड़ों पर नजर डाले तो पांच दिन में जिले में पांच हत्याएं हुईं।

कहीं कुल्हाड़ी काटकर हत्या की गई तो कहीं चाकुओं से गोदकर मार डाला गया। इन घटनाओं से जहां लोग दहल उठे। वहीं जिले की कानून व्यवस्था ने लोगों में सुरक्षा को लेकर भले ही असुरक्षा की भावना पैदा कर दी, लेकिन इसका असर पुलिस अफसरों पर कतई पड़ता नहीं दिख रहा है। मतदान के तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस अधिकारियों की खुमारी अभी तक नहीं उतरी है। न ही अधिकारियों ने छोटी-छोटी बातों को लेकर होने वाली हत्याओं, चोरी, छिनैती की घटनाओं को रोकने के लिए कोई रणनीति बनाई।

केस एक: दुष्कर्म के सात साल के बच्चे की हत्याकर कुएं में फेंका था शव
यह दिल दहला देने वाली घटना 21 फरवरी को हुई थी। सदर कोतवाली के गांव बांसखेड़ा निवासी सात साल के साहिल वर्मा की दुष्कर्म के बाद गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारे ने उसका शव गांव के ही एक कुएं में फेंक दिया था। इस घटना ने सभी को स्तब्ध कर दिया था। हालांकि सदर कोतवाली पुलिस ने घटना के कुछ देर बाद ही आरोपी कृष्ण कृष्ण कुमार उर्फ अनूप कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

केस दो: कुल्हाड़ी से काटने के बाद गोली मार कर की गई थी हत्या
यह घटना 22 फरवरी को थाना निघासन के गांव केदारीपुरवा में हुई थी। इसी थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी ढखेरवा के गांव पठाननपुरवा निवासी मासूम (40) अपनी बहन के घर केदारीपुरवा आया था, जहां पुराने ट्रैक्टर चोरी के विवाद में पिता-पुत्रों ने उसकी कुल्हा़ड़ी से काट दिया था। इतना ही नहीं उसे तमंचे से गोली भी मारी थी। पुलिस ने शुक्रवार को तीनों हमलावरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

केस तीन: जेल से छूटे पति ने महिला की चाकू से गोदकर की थी हत्या
यह घटना 23 फरवरी की है। मोहम्मदी कोतवाली के गांव रिछैला वाजिदपुर निवासी संतराम जेल में बंद था। इसी बीच उसकी पत्नी सुशीला देवी ने थाना थाना हैदराबाद के गांव मोतीपुर तिलोकपुर निवासी एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी से शादी कर ली थी। इससे संतराम नाराज था। वह जेल से छूटकर गांव मोतीपुर तिलोकपुर रिटायर्ड पुलिसकर्मी के घर पहुंचे संतराम ने पहले दावत खाई। फिर चाकु से गोदकर सुशीला देवी की हत्या कर दी थी।

केस चार: शराब के विवाद में नल के हत्थे से कर दी थी हत्या
थाना पसगवां क्षेत्र में 24 फरवरी को गांव नरदी निवासी नीरज यादव की नल के हत्थे से प्रहार कर हत्या कर दी गई थी। हत्यारों ने पुलिस की जांच हादसे की तरफ मोड़ने के इरादे से शव पर उसकी बाइक भी डाल दी थी। इस घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी सीता देवी की तहरीर पर पति के दोस्त पर कत्ल करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।

केस पांच: विवाहिता की मौत लगा हत्या का आरोप
25 फरवरी को कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र के गांव मढ़िया में विवेक कुमार की पत्नी मंजना (25) की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उसके सिर वह चेहरे पर गहरे जख्म थे। मृतका के मायके वालों ने पति व ससुराल के अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था। मायके वालों का आरोप था कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर मंजना की पीट-पीटकर हत्या की गई है।

बिजुआ में हत्या के प्रयास की हुई थी घटना
थाना भीरा क्षेत्र की बिजुआ पुलिस चौकी के गांव देवरिया अलीगंज में 22 फरवरी को जमीन विवाद को लेकर संघर्ष हो गया था। जिसमें रायफल और रिवाल्वर से अंधाधुंध फायरिंग हुई थी। फायरिंग में गोली लगने से दो लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में देवरिया अलीगंज के प्रधान पति जसवीर सिंह उर्फ मिंटू सहित दो लोग घायल हो गए थे।

जो घटनाएं हुईं हैं। सभी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। करीब सभी घटनाओं का अनावरण कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई चल रही है।- संजीव सुमन, एसपी

इसे भी पढ़ें-

लखीमपुर-खीरी: पुलिस ने चोरी की बाइक के साथ युवक को किया गिरफ्तार, नशीला पाउडर भी किया बरामद

 

 

संबंधित समाचार