अयोध्या: रामनगरी में मतदान को लेकर दिनभर रही गहमागहमी, किसी ने भाजपा तो किसी ने सपा की जीत का किया दावा
अयोध्या। रामनगरी में रविवार का दिन राजनीति के नाम रहा। पांच विधानसभा सीटों पर चुनाव के लिए हुए मतदान में हर आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी की। सुबह टहलने निकले लोग वोट डालकर ही घर लौटे। इसके बाद शाम तक घर से निकलने वाले अधिकतर लोगों की मंजिल मतदान केंद्र ही रही। इस …
अयोध्या। रामनगरी में रविवार का दिन राजनीति के नाम रहा। पांच विधानसभा सीटों पर चुनाव के लिए हुए मतदान में हर आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी की। सुबह टहलने निकले लोग वोट डालकर ही घर लौटे। इसके बाद शाम तक घर से निकलने वाले अधिकतर लोगों की मंजिल मतदान केंद्र ही रही।
इस बीच यह जरूर देखा गया कि लोग आपसी संवाद व दुआ-सलाम पार्टियों के एजेंडों पर कर रहे थे। कोई जय श्रीराम, सीता-राम बोल रहा था तो कोई जय ओपीएस कहकर नमस्कार कर रहा था।
अयोध्या ही नहीं बल्कि गोसाईगंज, रुदौली, मिल्कीपुर व बीकापुर विधानसभा में दिन भर राजनीतिक समीकरण बनते बिगड़ते रहे। किसी ने सपा को जिताया तो किसी ने भाजपा की जीत का दावा किया। इस मुहीम में भला अन्य दलों के समर्थक कहां पीछे रहने वाले थे।
वे भी अपना झंडा बुलंद करते रहे। ध्रुवीकरण व जातिगत आधार पर मतदान की चर्चाएं भी खूब चलीं। दोपहर बाद मतदाताओं ने एक ही राग अलापना शुरू कर दिया कि इस बार तो भाजपा और सपा में ही टक्कर है। इसके बाद लोग दुआ सलाम भी राजनीतिक भाषा में करने लगे। खास तौर पुरुष मतदाताओं में देखने को मिला कि वह आपस में सलाम व नमस्ते करने की बजाय जय श्री राम व जय ओपीएस बोल रहे थे। फिलहाल दिन-भर सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखा। दुकानें बंद थीं। लोग अपने घरों व चबूतरों पर बैठकर राजनीति की बातें करते देखे गए।
सोशल मीडिया पर डाली सेल्फी
वोट डालने के बाद लोग स्याही लगी उंगली के साथ सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें पोस्ट करते नजर आए। फर्स्ट वोटर ही नहीं बल्कि महिलाएं भी सोशल मीडिया पर फोटो डालने में पीछे नहीं रहीं। लाइक और कमेंट की दिन भर बहार रही। साथ ही समर्थक अपने-अपने दलों का प्रचार करने में भी पीछे नहीं रहे।
यह भी पढ़ें: अयोध्या: दुबई से मतदान करने पहुंची महिला ने वोट डालने के बाद पॉइन्ट पर ली सेल्फी
