बरेली: बीआईयू के कुलाधिपति पर जानलेवा हमला करने वाले भेजे जेल
बरेली, अमृत विचार। प्रख्यात सर्जन एवं बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डा. केशव अग्रवाल पर जानलेवा हमला करने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। अब पुलिस इस मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी की तलाश कर रही है। हालांकि देर रात तक पुलिस को उसका कोई …
बरेली, अमृत विचार। प्रख्यात सर्जन एवं बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डा. केशव अग्रवाल पर जानलेवा हमला करने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। अब पुलिस इस मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी की तलाश कर रही है। हालांकि देर रात तक पुलिस को उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।
शनिवार की रात स्टेडियम रोड पर डा. केशव अग्रवाल को घर जाते समय बाइक सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला करते हुए गोली मार दी थी। पुलिस ने रविवार को सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पीलीभीत बाईपास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पकड़े गए बदमाशों में अनीस उर्फ आनिस निवासी चकमहमूद, आकाश ठाकुर निवासी कुदेशिया फाटक, लक्की लभेड़ा निवासी संजय नगर शामिल थे। पूछताछ में पता चला था कि डा. केशव अग्रवाल ने कुछ समय पहले अनीस के परिजनों से कुछ जमीन खरीदी थी।
उसका वह भुगतान कर चुके थे, लेकिन इसके बाद भी अनीस उनसे जबरन धन की मांग कर रहा था। रुपये न देने पर उसने साथियों के साथ मिलकर उनपर जानलेवा हमला कराया था। पुलिस ने रविवार को अनीस, आकाश ठाकुर और लक्की लभेड़ा को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पुलिस की टीम अब पीलीभीत के रहने वाले आरिफ की तलाश कर रही है। हालांकि रात तक पुलिस को उसके बारे में कोई सुराग नहीं लग सका था।
हमलावरों के खिलाफ होगी गैंगस्टर की कार्रवाई
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि डा. केशव अग्रवाल पर जानलेवा हमला करने वाले चारों आरोपियों के खिलाफ पुलिस गैंगस्टर की कार्रवाई करेगी। पुलिस जल्द ही इस मामले में चार्जशीट तैयार कर कोर्ट में पेश करेगी, ताकि हमलावरों को जल्द सजा दिलाई जा सके। फरार आरिफ का भी आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमों को लगाया गया है।
डोहरा के पास झाड़ियों में फेंका था तमंचा
आकाश ठाकुर और लक्की लभेड़ा हमला करने के बाद डोहरा मोड़ के पास आए थे और उन्होंने चलती हुई बाइक से तमंचे को वहां पर झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस ने सोमवार को आरोपियों को मौके पर ले जाकर तमंचा बरामद कर लिया।
