लखीमपुर-खीरी: कानून का ट्रैक तोड़ रहे बदमाश, पुलिस लाचार
लखीमपुर-खीरी,अमृतविचार। शहर में सक्रिय छिनैती गैंग के आगे सदर कोतवाली पुलिस बेबस हो गई है। गैंग के सदस्य लगातार घटनाअों को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन पुलिस सिर्फ लकीर पीटती रह जा रही है। मंगलवार की देर शाम भी बाइक सवार उचक्के रोडवेज पुलिस चौकी के निकट एक महिला का पर्स छीनकर भाग निकले। पर्स …
लखीमपुर-खीरी,अमृतविचार। शहर में सक्रिय छिनैती गैंग के आगे सदर कोतवाली पुलिस बेबस हो गई है। गैंग के सदस्य लगातार घटनाअों को अंजाम दे रहे हैं, लेकिन पुलिस सिर्फ लकीर पीटती रह जा रही है। मंगलवार की देर शाम भी बाइक सवार उचक्के रोडवेज पुलिस चौकी के निकट एक महिला का पर्स छीनकर भाग निकले।
पर्स में 10 हजार रुपये की नगदी और सोने के कुंडल थे। महिला ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। त्योहार नजदीक आते ही शहर में चेन स्नेचिंग और छिनैती की घटनाएं तेजी से बढ़ गई हैं। उचक्के कहीं चेन स्नेचिंग कर रहे हैं तो कहीं छिनैती की घटना। मोबाइल छिनैती की घटनाएं भी शहर में तेजी से बढ़ी हैं।
अभिलेखों में घटनाओं का इजाफा न हो। इसके लिए पुलिस घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज नहीं करती है। कहीं जांच की बाद कहकर पीड़ित को टहलाती रहती है तो कहीं तहरीर न मिलने की बात कह घटना गटक जाती है। पुलिस की यही लापरवाही जहां शहरवासियों पर भारी पड़ रही है। वहीं बदमाशों को इसका लाभ मिलता है। उनमें कार्रवाई और पकड़े जाने का भय नहीं दिखता।
रिपोर्ट दर्ज न होने के कारण पुलिस पर घटना के खुलासे का भी कोई दबाव नहीं होता। पुलिस एक-दो दिन उचक्कों की तलाश करने का दंभ तो भरती है, लेकिन बात में वह इसे भूल जाती है। मंगलवार की देर शाम शहर के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी रीना पुरी शिव बारात देखने आई थी। वह पैदल वापस जा रही थी।
रोडवेज पुलिस चौकी के निकट बाइक सवार उचक्कों ने महिला के हाथ पर झपट्टा मार दिया और पर्स छीनकर भाग निकले। महिला ने बताया कि पर्स में 12 हजार रुपये और कान के कुंडल थे। महिला के शोर मचाने पर तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला से पूछताछ की।
पीड़ित महिला ने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। मंगलवार की ही दोपहर बाइक सवार दो लुटेरे काशीनगर में एक महिला की चेन लूटकर भाग निकले थे। करीब एक महीने पहले बाइक सवार उचक्कों ने स्वास्थ्य विभाग की एक महिला कर्मचारी की पर्स छीन ली थी और भाग निकली थी। यह घटना एसपी आवास के पास हुई थी।
शहर की पुलिसिंग व्यवस्था पर उठे सवाल
शहर में एकाएक बढ़ी अपराधिक घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है। वहीं शहर की स्मार्ट पुलिसिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। शहरवासियों का कहना है कि जिले में अपराधियों पर पुलिस का कोई खौफ नजर नहीं आ रहा है। पुलिस भी घटना को रोकने में कम उसे छुपाने में अधिक दिलचस्पी ले रही है। यही वजह है कि शहर में चोर, लुटेरे बेखौफ हो गए हैं। शहर की कानून व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है।
महिला ने पर्स छीने जाने की तहरीर दी है, जिसकी जांच की जा रही है। महिला पर्स में 10 हजार रुपये और कुंडल होने की बात कह रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
—अरुण कुमार सिंह शहर कोतवाल
