मुरादाबाद: खेती की जमीन के लिए गोलीबारी में दो घायल, रिपोर्ट दर्ज
मुरादाबाद/कांठ, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में खेती की पांच बीघा जमीन पर कब्जे के लिए दो पक्षों में फायरिंग हो गई। कई राउंड फायरिंग में दोनों पक्षों से महिला सहित दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए पहले सीएचसी कांठ में भर्ती कराया। इसके बाद जिला अस्पताल के लिए …
मुरादाबाद/कांठ, अमृत विचार। थाना क्षेत्र में खेती की पांच बीघा जमीन पर कब्जे के लिए दो पक्षों में फायरिंग हो गई। कई राउंड फायरिंग में दोनों पक्षों से महिला सहित दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए पहले सीएचसी कांठ में भर्ती कराया। इसके बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने घटनास्थल का दौराकर थाना प्रभारी निरीक्षक को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
थाना कांठ के ग्राम चांदखेड़ी निवासी ऋषिपाल सिंह तथा अमरोहा देहात के ग्राम रामनगर याकूबपुर निवासी सिमरन जीत कौर में पांच बीघा खेती की जमीन को लेकर वर्षों से विवाद है। इस बात को लेकर कई बार बिरादरी की पंचायत भी हुई परंतु विवाद नहीं निपटा। बुधवार को सुबह सिमरनजीत कौर के पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के ऋषिपाल द्वारा बोई गन्ने की फसल को पलट कर कब्जा करने का प्रयास किया। तभी ऋषिपाल की पत्नी राकेश देवी आ गई और अन्य लोग भी आ गए।
उसने जब फसल पलटने का विरोध किया तो सिमरनजीत कौर पक्ष के कई लोगों ने गाली गलौच शुरू कर दी। इसके बाद ऋषिपाल पक्ष के लोग भी आ गए और दोनों पक्षों में जमकर फायरिंग हुई। फायरिंग से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और एक गोली सिमरनजीत के ससुर भगवान सिंह के लगी तथा दूसरे पक्ष के ऋषिपाल की पत्नी राकेश देवी के पैर में भी गोली लग गई जिससे वहां अफरातफरी मच गयी। ऋषिपाल पक्ष के लोगों ने पीआरवी पुलिस तथा थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल राकेश देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ में उपचार के लिए भर्ती कराया। इसके बाद दूसरे पक्ष के गोली लगने से घायल हुए भगवान सिंह के परिजन भी निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ पहुंचे और उसे उपचार के लिए भर्ती कराया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ के चिकित्सकों ने दोनों घायलों को उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी महेश चंद गौतम ने फायरिंग में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर उनकी गिरफ्तारी करने के निर्देश प्रभारी निरीक्षक कांठ को दिए हैं।
पुलिस ने एक पक्ष के ऋषिपाल सिंह पुत्र लल्लू सिंह ग्राम चांदखेड़ी की तहरीर के आधार पर भगवान सिंह पुत्र दरियाव सिंह ग्राम याकूबपुर उर्फ रामनगर थाना अमरोहा देहात, ओमकार सिंह पुत्र छज्जू सिंह, अमित पुत्र गजेंद्र सिंह, कपिल पुत्र ओमकार सिंह ग्राम चांदखेड़ी थाना कांठ, हरेंद्र पुत्र राजेंद्र ग्राम याकूबपुर उर्फ रामनगर अमरोहा पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत लिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी कांठ महेश चंद गौतम ने बताया कि ऋषिपाल सिंह की तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर उनकी गिरफ्तारी के निर्देश थाना कांठ पुलिस को दिए हैं।
