हल्द्वानी: नाइजीरिया के गैंग ने की थी 19 लाख की ठगी, गुर्गे गिरफ्तार
हल्द्वानी, अमृत विचार। साइबर क्राइम के मामले में एसटीएफ और साइबर पुलिस की टीम को बड़ी सफलता मिली है। 19 लाख रुपये की ठगी में छह माह से आरोपियों की तलाश में जुटी मुखानी थाना पुलिस ने दिल्ली में बैठे नाइजीरिया के गैंग का भंडाफोड़ कर पश्चिम बंगाल निवासी दो सक्रिय गुर्गों को गिरफ्तार कर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। साइबर क्राइम के मामले में एसटीएफ और साइबर पुलिस की टीम को बड़ी सफलता मिली है। 19 लाख रुपये की ठगी में छह माह से आरोपियों की तलाश में जुटी मुखानी थाना पुलिस ने दिल्ली में बैठे नाइजीरिया के गैंग का भंडाफोड़ कर पश्चिम बंगाल निवासी दो सक्रिय गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, हरिपुर नायक आदर्श कॉलोनी कमलुआगांजा मुखानी निवासी हयात सिंह रौतेला की बीते वर्ष अगस्त में ऐन मिचेल लोपेज नाम की विदेशी महिला से फेसबुक पर दोस्ती हुयी थी। दोनों के बीच चैट और वीडियो कॉल होने लगीं। महिला ने हयात को उपहार भेजने की बात कही। जिसके बाद उक्त महिला के गैंग के सदस्य ने दिल्ली एयरपोर्ट का कस्टम अफसर बनकर हयात को कॉल की कि विदेश से आये उनके पार्सल में 30 हजार यूएस डॉलर और 16 लाख रुपये के स्वर्ण आभूषण हैं, जिसे कस्टम से छुड़ाने के लिए 8.50 रुपये जमा करने होंगे और हयात ने ऐसा ही किया। रिश्तेदारों, दोस्तों और करीबियों से रुपये लेकर उन्होंने कस्टम अधिकारी के बताए खातों में करीब 19 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए, लेकिन उपहार नहीं आया।
हल्द्वानी। इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस थाना प्रभारी ललित मोहन जोशी ने विवेचना शुरू की। फेसबुक मुख्यालय से संपर्क करने पर पता लगा कि जिस एफबी आईडी से हयात को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गयी थी वह दिल्ली से संचालित की जा रही थी। घटना में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, व्हाट्स एप नंबर जांच में फर्जी आईडी पर चलते मिले। जालसाजों के कहने पर जिन बैंक खातो में रुपये भेजे गये, वे भी दिल्ली, एनसीआर, मुंबई और पूर्वोत्तर राज्यों के निकले। बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच के बाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी सूचना कुमार तमांग और विक्रम लिम्बू को सूर्या रेजीडेंसी, दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
कमीशन पर काम करते थे दोनों
हल्द्वानी। आरोपी सूरज तमांग ने बताया कि दिल्ली में उसकी मुलाकात नाइजीरिया निवासी युवक व युवती से हुई थी। दोनों के कहने पर वह और उसके साथी लिम्बू ने इन नाइजीरियन साइबर ठगों को बैंक खाते तथा एटीएम कार्ड आदि कमीशन बेस पर उपलब्ध कराये। आरोपियों से पुलिस ने 3.50 लाख रुपये, चार मोबाइल, 25 डेबिट कार्ड, 114 बैंक पासबुक, चेक बुक बरामद की हैं। टीम में निरीक्षक ललित मोहन जोशी, एसआई दिनेश पंत, एएसआई सत्येन्द्र गंगोला, आरक्षी उस्मान व संजय कुमार रहे।
रहें सावधान, डायल करें 1930
हल्द्वानी। पुलिस अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर सावधानी बरतें। किसी भी अनजान व्यक्ति या महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। किसी भी प्रकार के उपहार, लक्की ड्रॉ, डिस्काउंट, लॉटरी, पॉलिसी में बोनस के प्रलोभन में न आएं और अपनी व्यक्तिगत जानकारी व महत्वपूर्ण डेटा शेयर न करें। जालसाजी का शक होने पर तत्काल पुलिस स्टेशन या साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन से संपर्क करें। वित्तीय साइबर अपराध होने पर तुरंत 1930 नंबर पर संपर्क करें।
