Russia-Ukraine war : मुरादाबाद को अभी 17 और छात्रों के लौटने का इंतजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद/अमृत विचार। यूक्रेन में फंसे छात्र-छात्राओं की सकुशल वापसी के लिए लोग प्रार्थनाएं कर रहे हैं। परिवारों में मन्नतें मांगी जा रही हैं। जबकि, प्रशासनिक अधिकारी निरंतर ऑपरेशन गंगा की समीक्षा में जुटे हैं। शुक्रवार को आठ छात्र-छात्राओं का दल घर पहुंच गया। लेकिन, अभी भी 17 विद्यार्थियों का मुरादाबाद को इंतजार है। प्रशासनिक सूचना …

मुरादाबाद/अमृत विचार। यूक्रेन में फंसे छात्र-छात्राओं की सकुशल वापसी के लिए लोग प्रार्थनाएं कर रहे हैं। परिवारों में मन्नतें मांगी जा रही हैं। जबकि, प्रशासनिक अधिकारी निरंतर ऑपरेशन गंगा की समीक्षा में जुटे हैं। शुक्रवार को आठ छात्र-छात्राओं का दल घर पहुंच गया। लेकिन, अभी भी 17 विद्यार्थियों का मुरादाबाद को इंतजार है। प्रशासनिक सूचना के अनुसार जिले के 62 छात्र-छात्राएं यूक्रेन के विभिन्न शहरों में मेडिकल की पढ़ाई के लिए गए थे। जिसमें विभिन्न तिथियों में 45 लोग घर वापस आ गए हैं। जिनके बच्चे यूक्रेन में फंसे हैं उनके घरों में अफरा-तफरी का माहौल है। परिजन टेलीविजन पर युद्ध के हालात को देखकर सहम जा रहे हैं।

घर के सदस्य मोबाइल पर वीडियो कॉलिंग के जरिए बच्चों का कुशल पूछ रहे हैं। मस्जिदों में दुआओं का सिलसिला तेज है और मां-बाप तरह तरह के उपक्रम कर रहे हैं। लोग शासन प्रशासन से लेकर ऊपर वाले से गुहार लगा रहे हैं। मनुहार कर रहे हैं। जबकि थके-हारे घर पहुंचे विद्यार्थियों के स्वागत में पास पड़ोस के साथ रिश्तेदार पहुंच रहे हैं।

तीन परिवारों को यूक्रेन से छात्रों के लौटने का इंतजार
ठाकुरद्वारा। शुक्रवार को भी यूक्रेन में फंसे तीन छात्र अपने घर वापस नहीं लौट सके। परिजन उनके शीघ्र घर आने की उम्मीद में हैं। नगर के मोहल्ला तिकोनिया निवासी सलीम अहमद ने बताया कि उनका बेटा सरताज यूक्रेन में एमबीबीएस की पढ़ाई करने के लिए गया था। लेकिन, वहां युद्ध छिड़ जाने के बाद वह अन्य छात्रों के साथ भारतीय दूतावास की निगरानी में सुरक्षित है। रामू बाला गणेश निवासी प्रधानाचार्य खड़क सिंह ने बताया कि उनका बेटा आदित्य वत्सल शनिवार को घर आ सकता है। जबकि, मोहल्ला कुरैशियान निवासी हाजी शमीम अहमद का पुत्र नदीम भी हंगरी में है। वह जहाज का इंतजार कर रहा है।

साकिब के परिजनों ने सरकार का जताया आभार
कांठ। ऊमरी कलां नगर पंचायत के मेडिकल छात्र साजिद शाकिब शुक्रवार को घर वापस लौट आये। इनकी घर वापसी से परिजनों में जश्न का माहौल है। घर वालों ने इसके लिए सरकार का आभार जताया है। शाकिब शाजिद ने बताया कि वह अपने खर्च से बस के सहारे देश का झंडा लेकर रोमानिया पहुंचा। 28 की रात बुखारेस्ट में भारतीय एंबेसी ने मैरिज हॉल में ठहराया। जबकि मार्ग में उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बॉर्डर पार करने में उन्हें कोई सहायता नहीं दी गई। जबकि, खारकीव एवं कीव में फंसे छात्रों को वाहन उपलब्ध करा दिया जाता तो बाकी फंसे छात्र भी बॉर्डर पार कर लेते। बताया कि तीन मार्च की शाम हवाई जहाज उड़ा और चार की सुबह हम दिल्ली पहुंच गए। जहां बहन और भाइयों ने स्वागत किया। परिजनों ने अल्लाह व भारत सरकार का आभार जताया है।

यूक्रेन में तिरंगा बना छात्रों का रक्षा कवच
बिलारी। यूक्रेन में एमबीबीएस चौथे सेमेस्टर की पढ़ाई कर रहे विशाल कुमार विश्वास ने बताया कि वहां हमारा राष्ट्रीय झंडा ही ढाल बना, जिससे बहुत मदद मिली। तिरंगा देखकर हर सैनिक में सम्मान दिया। बताया कि वह यूक्रेन से निकलने के बाद पहले स्लोवाकिया पहुंचे, बाद में इंडियन एंबेसी की मदद से फ्लाइट से उतरे। अब परिवार के साथ खुशी का माहौल है। रुस्तम नगर सहसपुर निवासी विशाल के पिता विकास कुमार विश्वास ने बताया कि यूक्रेन में युद्ध छिड़ने के बाद बेटे ने वतन वापसी का फैसला लिया। वह एक मार्च को स्लोवाकिया पहुंचे। कीव पर रूसी अटैक से बिशाल पूरी तरह से सहम गया था। अब परिवार में सभी खुश है। लेकिन विशाल का भविष्य की चिंता सता रही है। जबकि थामला निवासी मुजस्सिम हुसैन ने घर आकर केंद्र सरकार का शुक्रिया अदा किया। जबकि, परिवार में खुशी है। मुजस्सिम पुत्र इमामुद्दीन उजग्रोद शहर में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार ने यूक्रेन से छात्रों को निकालने के लिए अच्छा काम किया। उधर, यूनिवर्सिटी की तरफ से अब ऑनलाइन क्लास चलाने का मैसेज भी उन पर पहुंच चुका है।

क्षेत्र के दो और छात्र यूक्रेन से सकुशल घर लौटे, बीजेपी कार्यकर्ता छात्रों और उनके परिजनों से मिले
ठाकुरद्वारा। शुक्रवार को क्षेत्र के यूक्रेन एमबीबीएस की पढ़ाई करने गये दो छात्र घर लौट आये। भाजपा ठाकुरद्वारा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधिमंडल वापस लौटे छात्रों और उनके परिजनों से मिला। वापस लौटने वालों में नगर के मोहल्ला जमनाबाला के रितिक राजपूत और दारापुर निवासी उज्ज्वल गहलौत हैं। भाजपा पदाधिकारियों ने घर पहुंचे छात्रों को बधाई दी। भाजपा प्रतिनिधि मंडल में डॉ. ओमपाल सिंह सैनी, सत्यपाल सिंह, सिंपल चौहान शामिल रहीं।

उक्रेन से लौटे छात्र का चेयरमैन ने किया स्वागत
मंडी धनौरा। शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष राजेश सैनी ने यूक्रेन से लौटे छात्र रिफाकत सैफी का उनके निवासी पर मिठाई खिलाकर स्वागत किया। उसे फूल का माला पहनाकर सकुशल लौटने पर बधाई दी। ईश्वर से प्रार्थना की कि यूक्रेन में फंसे दूसरे छात्र भी सकुशल घर वापस आ जाएं। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि भारत सरकार रूस और यूक्रेन के राष्ट्रपति से बात कर युद्ध को समाप्त कराएं, क्योंकि इस प्रकार का युद्ध मानवता पर प्रहार है। यूक्रेन में भारतीय छात्र की मौत पर दो मिनट का मौन रखकर शांति के लिए प्रार्थना की गयी। रिफाकत के पिता शराफत सैफी ने सरकार का धन्यवाद किया। कहा कि मेरे पुत्र को जंग में वापस लाकर प्रधानमंत्री ने हमारे ऊपर बहुत बड़ा उपकार किया है। कार्यक्रम में पूर्व सभासद वीर सिंह सैनी, नरेंद्र जाटव, सभासद राजीव उपाध्याय, कमल सैनी, चंद्रभान सैनी, रवि कुमार, राहुल, संजीव सैनी, कपिल ठाकुर आदि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार