सीतापुर: बैंकमित्र की गोली मारकर हत्या, दो लाख कैश लूट ले गए बदमाश, इलाके में दहशत
सीतापुर। चुनाव संपन्न कराने के बाद चैन की नींद सो रही पुलिस की लापरवाही से शनिवार को जिले में लूट के दौरान हत्या की एक सनसनीखेज वारदात अंजाम दे डाली गई। बेखौफ लुटेरों ने बाइक से भाई के साथ जा रहे बैंकमित्र को घेर कर पहले उसकी गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में …
सीतापुर। चुनाव संपन्न कराने के बाद चैन की नींद सो रही पुलिस की लापरवाही से शनिवार को जिले में लूट के दौरान हत्या की एक सनसनीखेज वारदात अंजाम दे डाली गई। बेखौफ लुटेरों ने बाइक से भाई के साथ जा रहे बैंकमित्र को घेर कर पहले उसकी गोली मारकर हत्या कर दी और बाद में दो लाख कैश लूट कर भाग निकले। इस घटना में बैंकमित्र का भाई बाल-बाल बच गया। वारदात के बाद पुलिस ने लुटेरों को पकड़ने के लिए चेकिंग व बैरीकेटिंग भी की, लेकिन लुटेरे पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहे।
सनसनीखेज इस लूट की वारदात से पूरे जिले में दहशत फैल गई। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को कोई कामियाबी नहीं मिली। वारदात के बाद से लूट का शिकार हुए परिवार के लोगों में मातम छाया है। जिले के रामपुर कलां इलाके के बरमबाबा पुरवा मजरा सरसा खुर्द गांव निवासी चौबीस वर्षीय अंबुज वर्मा पुत्र महेश चंद्र वर्मा बैंक ऑफ इंडिया से जुड़ा हुआ बैंक मित्र था। वह बिसवां इलाके के इटिया शहीद चौराहे पर बीसी प्वाइंट चलाता था।
शनिवार को वह घर से करीब दो लाख रुपए कैश लेकर भाई अरूण वर्मा के साथ घर से निकला था। परिजनों के मुताबिक वह बिसवां जा रहा था। जब वह रामपुर कलां इलाके के अमझला कुतुबपुर के पचहत्तरपुर गांव के पास पहुंचा, तभी नकाबपोश बाइक सवार दो बदमाशों ने इन दोनों को बाइक आगे लगा कर घेरा लिया और रोकने के बाद लूटपाट करने लगे।
इस बीच बैंकमित्र व उसका भाई लूटपाट का विरोध कर शोर मचाने लगे। विरोध व शोर मरने पर बदमाशों ने तमंचे निकाल लिए और एक बदमाश ने बैंकमित्र को गोली मार दी। गोली लगते ही बैंकमित्र मौके पर गिर कर तड़पने लगा। इस बीच उसका भाई बैंकमित्र को संभालने लगा। तभी मौका पाकर लुटेरे कैश से भरा बैग लेकर भाग निकले। गोली की आवाज सुनकर कुछ दूरी पर मौजूद लोग व राहगीर मौके पर पहुंचे।
पुलिस को सूचना देने के साथ ही जख्मी बैंकमित्र को फौरन सीएचसी बिसवां ले जाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में बैंकमित्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। उधर खबर पाते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वायरलेस के जरिए मैसेज कर विभिन्न मार्गो पर पुलिस टीमों को चेकिंग व बैरीकेटिंग करने के लिए लगाया गया, लेकिन बदमाश पुलिस के हाथ नहीं आए और वह सफल होकर भाग निकले।
खबर पाकर एसपी आरपी सिंह ने भी जांच की है। घटना से दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि चुनाव संपन्न होने के बाद पुलिस चैन की नींद सोती रही और बेखौफ बदमाश व लुटेरे सक्रिय हो गए। हालांकि पुलिस अफसरों का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
एएसपी बोले, हॉट-टॉक हुई फिर गोली मारी
बैंकमित्र की हत्या और कैश लूट की दिलदहला देने वाली वारदात पर एएसपी एनपी सिंह ने भी ढुलमुल बयान दे रहे हैं। पूछने के बाद उन्होंने बताया कि हॉट-टॉक हुई थी। इस पर उन लोगों ने गोली मार दिया। एएसपी खुले तौर पर कैश लूट की बात अभी भी स्वीकारने को तैयार नहीं है। घटना को लेकर एएसपी दक्षिणी एनपी सिंह का कहना है कि बैंक मित्र आज सुबह बिसवां जा रहा था।
रास्ते में तीन लोग मिले और उसे रोक लिया। हॉट-टॉक हुई। इस पर उन लोगों ने फायर किया। जिससे उसके पेट में गोली लग गई। इलाज के दौरान लखनऊ में बैंकमित्र की मौत हो गई है। दो लाख कैश लूटे जाने को लेकर एएसपी ने कहा कि परिवार के लोग बता रहे हैं कि लूट हुई है। जांच पड़ताल की जा रही है। पुलिस टीमों को भी लगाया गया है।
यह भी पढ़ें:-अवैध रूप से फोन टैप करने के ‘महाराष्ट्र पैटर्न’ को अब गोवा में दोहराया जा रहा: संजय राउत
