पीलीभीत: चार किलो अफीम के साथ होमगार्ड समेत छह तस्कर गिरफ्तार
बीसलपुर/बिलसंडा,अमृत विचार। एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से बिलसंडा पुलिस ने घेराबंदी कर मादक पदार्थ के छह तस्करों को धर दबोचा। जिसमें बरेली का होमगार्ड भी शामिल था। इनके कब्जे से 4.180 किलो अफीम बरामद की गई। सीओ बीसलपुर ने प्रेसवार्ता कर खुलासा किया। जिसके बाद पकड़े गए सभी छह तस्करों को जेल भेज …
बीसलपुर/बिलसंडा,अमृत विचार। एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से बिलसंडा पुलिस ने घेराबंदी कर मादक पदार्थ के छह तस्करों को धर दबोचा। जिसमें बरेली का होमगार्ड भी शामिल था। इनके कब्जे से 4.180 किलो अफीम बरामद की गई। सीओ बीसलपुर ने प्रेसवार्ता कर खुलासा किया। जिसके बाद पकड़े गए सभी छह तस्करों को जेल भेज दिया है।
तस्करों से हुई पूछताछ में कई अहम तथ्य निकलकर आए हैं। अब उन पर छानबीन शुरू कर दी गई है। पिछले काफी समय से पुलिस को सूचना मिल रही थी कि बीसलपुर सर्किल क्षेत्र में बरेली के मादक पदार्थ तस्कर सक्रिय हो रहे हैं। बिलसंडा पुलिस के साथ ही एसओजी और सर्विलांस टीम को भी सुरागरसी के लिए लगा दिया था। कई दिन चली पड़ताल के बाद कुछ नाम संज्ञान में आए।
जिनकी निगरानी पुलिस ने तेज कर दी है। इसी बीच शनिवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि सफारी कार में सवार होकर मादक पदार्थ तस्कर बीसलपुर से बिलसंडा की तरफ जा रहे हैं। इस पर पुलिस अलर्ट हो गई। एसओ बिलसंडा उदयवीर सिंह, एसआई सुनील कुमार शर्मा, नरेंद्र कुमार, कमलेश सिंह, पुलिस टीम के साथ ग्राम सुहेला की तरफ जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी में जुट गए।
सर्विलांस और एसओजी टीम भी पहुंच गई। इसके बाद बीसलपुर की तरफ से आ रही कार को रोक लिया। कार से 4.180 किलो अफीम बरामद हुई। कार से बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव नगरिया विक्रम निवासी पुत्तु अहमद उर्फ पप्पू, ओमप्रकाश, भुता थाना क्षेत्र के गांव भगवानपुर बिही निवासी संदीप, फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के गांव टिसुआ निवासी मौजीम, गांव सरैंदा निवासी कुंवर सिंह उर्फ दीपक, शाहजहांपुर के बंडा थाना क्षेत्र के गांव पटना निवासी अयाज अली को गिरफ्तार किया। थाने लाकर सभी से पूछताछ की गई। जिसमें उन्होंने बताया कि वह अफीम बेचने के लिए अलग-अलग स्थानों पर जा रहे थे।
सीओ बीसलपुर प्रशांत सिंह ने भी आरोपियों से पूछताछ की। जिसके बाद चालान कर कोर्ट में पेश करके सभी को जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार किया गया आरोपी पुत्तु अहमद उर्फ पप्पू होमगार्ड बताया जा रहा है। बरेली के किसी थाने में उसकी तैनाती बताई गई है। इसे लेकर बरेली पुलिस से भी संपर्क साधा गया है।
मणिपुर से लाकर करते थे सप्लाई
पकड़े गए तस्कर शातिर किस्म के थे। लंबे समय से इस धंधे से जुड़े हुए हैं। यह प्रदेश के विभिन्न जनपदों के साथ ही अन्य राज्यों में भी मादक पदार्थ की सप्लाई किया करते थे। पुलिस के अनुसार वह मणिपुर समेत अन्य स्थानों से अफीम की खेप लाते थे और फिर जनपदों में जाकर सप्लाई किया करते थे। अब पुलिस उनका आपराधिक इतिहास भी जुटा रही है। गैंगस्टर एक्ट के तहत शिकंजा भी कसा जाएगा।
कई अन्य सदस्य भी रडार पर
धरपकड़ के बाद हुई पूछताछ में पुलिस को कई अन्य तस्करों के नाम भी मिले हैं। उनकी सक्रियता भी तराई क्षेत्र में बताई गई है। इसे लेकर अब पुलिस भी शिकंजा कसने का मन बना चुकी है। संबंधित तस्करों के बारे में जानकारी जुटाने के साथ ही सर्विलांस की मदद से उनकी लोकेशन का भी पता लगाने के निर्देश दिए गए हैं। कुछ लोकल नामों की भी चर्चा बढ़ी है।
यह एक बड़ा गिरोह है। पुलिस की सक्रियता से छह तस्कर गिरफ्तार करके जेल भेजे गए हैं। इनके अन्य साथियों की भी जानकारी मिली है। टीमें लगाई गई है। तस्करों पर शिकंजा कसा जाएगा।
—प्रशांत सिंह, सीओ बीसलपुर
ये भी पढ़ें-
फटाफट टैंक फुल करवा लीजिए, मोदी सरकार का ‘चुनावी ऑफर’ खत्म हो रहा :राहुल का केंद्र पर तंज
