पीलीभीत: मारपीट के आरोपियों पर दिरयादिली दिखाने पर नप गए दरोगा
पीलीभीत, अमृत विचार। फौजी के पिता पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने वाले हमलावरों पर शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई कर कर्तव्यों से इतिश्री करना एक दरोगा को महंगा पड़ा है। फौजी के परिवार से मिली शिकायत पर एसपी ने जांच कराई तो दरोगा की लापरवाही सामने आई। इस पर एसपी ने दरोगा …
पीलीभीत, अमृत विचार। फौजी के पिता पर हमला कर गंभीर रूप से घायल करने वाले हमलावरों पर शांतिभंग की आशंका में कार्रवाई कर कर्तव्यों से इतिश्री करना एक दरोगा को महंगा पड़ा है। फौजी के परिवार से मिली शिकायत पर एसपी ने जांच कराई तो दरोगा की लापरवाही सामने आई। इस पर एसपी ने दरोगा को निलंबित कर दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शाहबाजपुर निवासी अरविंद कुमार फौजी है। उसका परिवार गांव में ही रहता है। करीब पंद्रह दिन पहले फौजी के पिता महेंद्रपाल पर गांव के ही चार लोगों ने पुराने विवाद में हमला कर दिया था। धारदार हथियार और लाठी डंडे से किए गए वार में ग्रामीण को गंभीर चोट आईं थी। घायल पिता को परिजन कोतवाली लेकर पहुंचे और शिकायत की। हमलावरों पर रिपोर्ट दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की थी। मगर, कोतवाली में तैनात दरोगा उत्तम कुमार लापरवाह बने रहे। फौजी के पिता पर हमला करने वालों को गिरफ्तार किया, लेकिन गंभीर चोट के बावजूद शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
परिजन ने पुलिस कार्रवाई से नाखुश होकर एसपी से शिकायत की। इस पर एसपी दिनेश कुमार ने मामले की जांच सीओ प्रशांत सिंह से कराई। जिसमें दरोगा उत्तम कुमार की लापरवाही उजागर हो गई। जिसके बाद अब एसपी ने सख्त एक्शन लेते हुए दरोगा को निलंबित कर दिया है। 24 घंटे के भीतर दो दरोगाओं पर कार्रवाई से पुलिस विभाग में खलबली मची रही। बता दें कि एक दिन पूर्व वर्दी में डांस करते वीडियो वारयल होने पर पूरनपुर के घुंघचाई चौकी इंचार्ज राजीव चौहान को लाइन हाजिर किया गया था।
