मुरादाबाद : शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म, 17 लाख रुपये हड़पे
मुरादाबाद, अमृत विचार। युवक ने हमदर्दी जताकर युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। इसके बाद शादी का झांसा देकर डेढ़ साल तक उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने युवती के 17 लाख रुपये भी हड़प लिए। गर्भवती होने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से …
मुरादाबाद, अमृत विचार। युवक ने हमदर्दी जताकर युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। इसके बाद शादी का झांसा देकर डेढ़ साल तक उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी ने युवती के 17 लाख रुपये भी हड़प लिए। गर्भवती होने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने मझोला पुलिस को जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया है।
मझोला थानाक्षेत्र के हनुमाननगर निवासी युवती ने एसएसपी को बताया कि उसके पिता व भाई की छह जून 2020 को पड़ोसी ने हत्या कर दी थी। इससे वह परिवार में अकेली रह गई थी। इस दौरान मझोला थानाक्षेत्र के लाइनपार निवासी एक युवक ने मदद का आश्वासन देकर उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। कुछ दिन बाद आरोपी ने उसे शादी करने का भरोसा दिया। पीड़िता के अनुसार पिता और भाई की हत्या के बाद सरकार से उसे 17 लाख रुपये की आर्थिक मदद मिली थी।
आरोपी ने उसका विश्वास जीतकर उससे 17 लाख रुपये भी हड़प लिए। आरोप है कि युवक ने उसके साथ डेढ़ साल तक जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान वह पांच महीने की गर्भवती हो गई। तब युवती ने शादी करने की बात कही तो आरोपी ने बहाने बनाकर टाल दिया।
पीड़िता ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। मारपीट करते हुए विपक्षियों के साथ हमसाज होकर पिता और भाई की तरह उसकी भी हत्या कराने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने मझोला एचएसओ धनंजय सिंह को जांच करके आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया है।
