कन्नौज: सिंचाई के पानी को लेकर वृद्धा की पीट-पीटकर हत्या
कन्नौज। जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के एक गांव में सबमर्सिबल पंप से सिंचाई के लिए पानी न देने पर एक युवक के साथ मारपीट की गई। इसके बाद घटना का उलाहना देने जा रही उसकी मां को रास्ते में आरोपियों ने घेरकर जमकर पीटा। परिजन वृद्धा को मेडिकल कॉलेज ले गए तो वहां डॉक्टर …
कन्नौज। जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के एक गांव में सबमर्सिबल पंप से सिंचाई के लिए पानी न देने पर एक युवक के साथ मारपीट की गई। इसके बाद घटना का उलाहना देने जा रही उसकी मां को रास्ते में आरोपियों ने घेरकर जमकर पीटा। परिजन वृद्धा को मेडिकल कॉलेज ले गए तो वहां डॉक्टर ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी होते ही एएसपी और सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटनाक्रम के अनुसार थाना ठठिया के फंतुआपुर गांव निवासी अखिलेश पुत्र रामसरन अपने खेत पर लगे सबमर्सिबल पंप से फसल में बुधवार सुबह पानी लगा रहा था। उसी दौरान पड़ोस के खेत के किसान आए और पानी मांगने लगे। इसके साथ ही पंप बंद कर दिया और पानी अपने खेत में मोड़ लिया। अखिलेश ने इस हरकत का विरोध किया तो युवकों ने उसे पीट दिया। उसने घर आकर घटना की जानकारी मां शांति देवी (60)को दी।
इस पर शांति आरोपियों की शिकायत करने निकल पड़ी। आरोप है कि रास्ते में मारपीट करने के आरोपी मिले। मां शांति देवी ने बेटे को पीटने पर उलाहना दिया तो तीन ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान सिर पर हथियार लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंचे परिजनों को देखकर आरोपी फरार हो गए। परिजन वृद्धा को मेडिकल कॉलेज ले आए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पुत्रों ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पीट पीटकर उसकी मां की हत्या कर दी। मौत का समाचार सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना
पाते ही पहुंचे एएसपी अरविंद कुमार, सीओ दीपक दुबे ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ ने बताया कि वृद्धा की मौत पिटाई से बताई जा रही। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: मुरादाबाद: मतगणना स्थल पर बैलेट पेपर पर मिलने पर भड़के सपाई, जानें…क्या बोले जावेद आब्दी
