अयोध्या: पिछली बार से ज्यादा वोट पाने के बाद भी हार गए भाजपा के दो प्रत्याशी
अयोध्या। ये सियासत भी न जाने कैसे-कैसे रंग दिखाती है। इसमें अर्श से फर्श तक व फर्श से अर्श पर पहुंचने में जरा भी समय नहीं लगता। कुछ यही हुआ है अयोध्या जनपद की दो विधानसभाओं में। मिल्कीपुर और गोसाईगंज विधानसभा के चुनावी नतीजे इस बात की तस्दीक करते हैं। दोनों जगह से भाजपा के …
अयोध्या। ये सियासत भी न जाने कैसे-कैसे रंग दिखाती है। इसमें अर्श से फर्श तक व फर्श से अर्श पर पहुंचने में जरा भी समय नहीं लगता। कुछ यही हुआ है अयोध्या जनपद की दो विधानसभाओं में। मिल्कीपुर और गोसाईगंज विधानसभा के चुनावी नतीजे इस बात की तस्दीक करते हैं। दोनों जगह से भाजपा के प्रत्याशियों की हार हुई है। बड़ी बात यह है कि दोनों ही प्रत्याशियों ने जितने मत पाकर पिछली बार जीत का सेहरा बांधा था।
इस बार उससे भी अधिक वोट मिलने के बावजूद उन्हें हार का सामना करना पड़ा। हालांकि भाजपा प्रत्याशियों की जीत सिर्फ तीन सीटों पर ही हुई है। रुदौली को छोड़ बाकी अयोध्या और बीकापुर में सपा प्रत्याशियों ने भाजपाइयों के पसीने छुड़ा दिए। 2017 के मुकाबले हर विधानसभा क्षेत्र में सपा का वोट प्रतिशत भी बढ़ा है।
2017 में गोसाईगंज में दो बाहुबलियों में जंग थी। सपा प्रत्याशी अभय सिंह व भाजपा प्रत्याशी इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू ही सियासी मैदान में आमने-सामने थे। उस दौरान भाजपा प्रत्याशी खब्बू ने 89,586 मत पाकर जीत दर्ज की थी। उन्होंने अपने निकटतम सपा प्रत्याशी अभय सिंह को 11,620 वोटों से हराया था। इसी तरह मिल्कीपुर विधानसभा में भाजपा के बाबा गोरखनाथ ने 86,960 मत पाकर जीत दर्ज की थी।
उन्होंने सपा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद को 28,276 मतों से हराया था। अब आ जाइये 2022 में। इस बार गोसाईगंज में सपा प्रत्याशी अभय सिंह का मुकाबला भाजपा के पूर्व विधायक की पत्नी आरती तिवारी से था। माना जा रहा था कि पति के जेल में निरुद्ध होने की सहानुभूति उन्हें जरूर मिलेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आरती इस बार 92,413 मत पाने के बावजूद सपा प्रत्याशी अभय सिंह से 12,774 वोटों से हार गईं। पिछली बार अभय सिंह भी 11,620 वोटों से हारे थे। मिल्कीपुर की बात करें तो यहां भाजपा प्रत्याशी बाबा गोरखनाथ 90,278 मत पाकर सपा प्रत्याशी अवधेश प्रसाद से 12,913 वोटों से हार गए।
इधर, मतगणना के दौरान अयोध्या व बीकापुर में सपा प्रत्याशियों ने भाजपाइयों के शाम तक पसीने छुड़ाए रखे। अयोध्या विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी तेज नारायण पांडे पवन ने 2017 में जहां 56,574 मत प्राप्त किए थे तो वहीं इस बार छलांग लगाते हुए 92,460 वोट हासिल किया, जो 2017 के मुकाबले कहीं ज्यादा है। उन्होंने पिछले चुनाव में मिले मतों के मुकाबले इस बार 35,886 मत अधिक हासिल किए। इस बार पवन को 40.4 प्रतिशत वोट मिले हैं। बीकापुर में परिवार की विरासत संभाल रहे भाजपा प्रत्याशी डॉ. अमित सिंह चौहान ने जीत दर्ज की है।
2017 में अमित की मां शोभा सिंह चौहान ने 94,074 मत हासिल किए थे। उन्होंने सपा के आनंद सेन को 26,652 वोटों से हराया था। इस बार अमित को हाजी फिरोज खां गब्बर शुरू से ही तगड़ी फाइट देते रहे। अमित को जहां 1,06,907 मत मिले तो वहीं गब्बर भी पीछे नहीं रहे और उन्होंने भी एक लाख से अधिक वोट पाने का आंकड़ा पार कर लिया। यहां सपा प्रत्याशी 5,885 मतों से हार का मुंह देखना पड़ा।
यह भी पढ़ें:-लखनऊ: सरकारी योजनाओं ने बदला गणित, आधी आबादी ने प्रदेश में बनाई नई तस्वीर
