यूपी विधान परिषद की 36 सीटों के लिए 15 मार्च से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 36 सीटों के लिए 15 मार्च से चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी। निर्वाचन आयोग के अनुसार स्थानीय निकाय क्षेत्र से होने वाले ये चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 29 एमएलसी सीटों के लिए 15 मार्च से नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 19 मार्च नामांकन दाखिले की आखिरी तारीख …
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 36 सीटों के लिए 15 मार्च से चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी। निर्वाचन आयोग के अनुसार स्थानीय निकाय क्षेत्र से होने वाले ये चुनाव दो चरणों में होंगे। पहले चरण में 29 एमएलसी सीटों के लिए 15 मार्च से नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 19 मार्च नामांकन दाखिले की आखिरी तारीख होगी वहीं 21 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 23 मार्च तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। अगर जरूरी हुआ और एक सीट पर एक से अधिक नामांकन हुए तो शनिवार नौ अप्रैल को मतदान करवाया जाएगा। 12 अप्रैल को मतगणना करवाई जाएगी और परिणाम घोषित होंगे।
वहीं दूसरे चरण में गोण्डा, फैजाबाद, बस्ती-सिद्धार्थनगर, गोरखपुर-महाराजगंज, देवरिया और बलिया स्थानीय निकाय क्षेत्र की छह एमएलसी सीटों के लिए नामांकन 15 मार्च से दाखिल होना शुरू होंगे। 22 मार्च नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख होगी। 23 मार्च नामांकन पत्रों की जांच होगी। 25 मार्च नामांकन वापसी की आखिरी तारीख तय की गयी है। नौ अप्रैल को मतदान होगा। 12 अप्रैल को मतगणना करवायी जाएगी। उसी दिन परिणाम की घोषणा होगी।
उल्लेखनीय है कि पहले यह चुनाव विधानसभा चुनाव के साथ ही करवाने का कार्यक्रम तय था। चुनाव आयोग ने इसके लिए समय सारिणी भी घोषित कर दी थी लेकिन बाद में चार फरवरी को अधिसूचना को निरस्त कर दिया गया। अब इन चुनावों की पूरी प्रक्रिया विधान सभा चुनाव होने के बाद 15 मार्च से शुरू होगी। पूर्व में घोषित कार्यक्रम में पहले चरण की 29 सीटों के लिए 3 मार्च और दूसरे चरण की 6 सीटों के लिए 7 मार्च को मतदान होना तय हुआ था। इन दोनों तारीखों में प्रदेश विधान सभा चुनाव के छठे व सातवें चरण का भी मतदान होना है इसीलिए आयोग ने एमएलसी सीटों के चुनाव के कार्यक्रम में बदलाव किया है।
इस बारे में राजनीतिक दलों की ओर से निर्वाचन आयोग को कई पत्र भेजे गये थे और विधान सभा तथा विधान परिषद चुनाव के मतदान की तारीख में टकराव का हवाला देते हुए विधान परिषद की सीटों के चुनाव कार्यक्रम में बदलाव किये जाने का अनुरोध किया था। मथुरा-एटा-मैनपुरी स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र में दो सीटें हैं, जिसके लिए अलग-अलग चुनाव होंगे। स्थानीय निकाय एमएलसी चुनाव में जनता सीधे वोट नहीं करती । इसमें ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, जिला पंचायत सदस्य और नगर निकायों के पार्षद मतदान करते हैं।
इन 30 सीटों पर पहले चरण में होगा चुनाव : मुरादाबाद-बिजनौर, रामपुर-बरेली, बदायूं, पीलीभीत-शाहजहांपुर, हरदोई, खीरी, सीतापुर, लखनऊ-उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़, सुलतानपुर, बाराबंकी, बहराइच, आजमगढ़-मऊ, गाजीपुर, जौनपुर, वाराणसी, मीरजापुर-सोनभद्र, इलाहाबाद, बांदा-हमीरपुर, झांसी-जालौन-ललितपुर, कानपुर-फतेहपुर, इटावा-फर्रुखाबाद, आगरा-फिरोजाबाद, मथुरा-एटा-मैनपुरी, अलीगढ़, बुलंदशहर, मेरठ-गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर-सहारनपुर। (नोट : मथुरा-एटा-मैनपुरी सीट से दो सदस्य चुने जाते हैं बाकी सभी निर्वाचन क्षेत्रों से एक-एक सदस्य का चुनाव होता है।)
इन छह सीटों पर दूसरे चरण में होगा चुनाव : गोंडा, फैजाबाद, बस्ती-सिद्धार्थनगर, गोरखपुर-महराजगंज, देवरिया व बलिया स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र।
