मुरादाबाद : अवैध शराब के खिलाफ चले अभियान में 48 हजार हुए पाबंद
मुरादाबाद, अमृत विचार। पहले विधानसभा चुनाव और अब होली के तहत अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंडलभर की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंडल में अभी तक करीब 48 हजार लोगों को अवैध शराब का कारोबार करने के आरोप में पाबंद किया है। सबसे अधिक बिजनौर जिले में …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पहले विधानसभा चुनाव और अब होली के तहत अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंडलभर की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंडल में अभी तक करीब 48 हजार लोगों को अवैध शराब का कारोबार करने के आरोप में पाबंद किया है। सबसे अधिक बिजनौर जिले में 22166 लोगों को पाबंद किया गया है। पाबंदी की इस कार्रवाई में वह लोग भी शामिल हैं, जिनके घरों से अवैध शराब मिली है। इसके अलावा अवैध शस्त्र का कारोबार करने वालों को भी चिन्हित कर पाबंद किया जा रहा है। पाबंद लोगों की निगरानी करने के साथ ही लगातार चेतावनी दी जा रही है कि अगर नियमों का उल्लंघन किया तो कार्रवाई की जाएगी।
होली के मद्देनजर बढ़ाया गया अभियान
चुनाव चाहे कोई भी हो, लेकिन हर बार अवैध शराब और शस्त्रों की मांग बढ़ जाती है। जिसकी वजह है कि मतदाताओं को लुभाने के लिए दावेदार हथकंडे अपनाने से बाज नहीं आते हैं। जिस कारण पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया था। ताकि दावेदारों द्वारा प्रलोभन या फिर धमकाने की शिकायत सीधे अधिकारियों से की जा सके। चुनाव के दौरान पुलिस का यह अभियान काफी सफल रहा। लिहाजा शासन ने मतदान के बाद होली के त्योहार के मद्देनजर अभियान की अवधि बढ़ाने के निर्देश दे दिए थे। इस मामले में एसटीएफ की भी मदद ली जा रही है।
सबसे अधिक बिजनौर तो सबसे कम रामपुर में हुए पाबंद
चुनाव और होली के मद्देनजर अभियान के तहत पुलिस ने अवैध शराब के कारोबारियों को पाबंद करना शुरू कर दिया था। अभी तक अभियान में मंडल भर में करीब 48 हजार लोगों को पाबंद किया जा चुका है। सबसे अधिक बिजनौर जिले में 22166 और सबसे कम रामपुर में 1130 को पाबंद किया गया है। इसमें वह लोग शामिल हैं जिनके घरों में कच्ची शराब बनती है या फिर बिक्री के आरोप में पकड़े जा चुके हैं।

पूरे मंडल में ऐसी प्रवृत्ति के लोगों पर कार्रवाई की जा रही है। पाबंद करने के साथ ही थाना पुलिस को निगरानी करने के भी आदेश दिए गए हैं। -शलभ माथुर डीआईजी
