सीतापुर: जर्जर पुल से गुजर रहे भारी वाहन, लग रहा जाम, जिम्मेदार कर रहे अनदेखा
महमूदाबाद/सीतापुर। वर्षाें पहले क्षेत्र के शारदा सहायक नहर पर बना नूरपुल पुल बेहद संकरा होने से राहगीरों के लिये मुसीबत बनता जा रहा है। वाहनों के बढ़ते दबाव के चलते जाम की समस्या आम हो गई है। दिन में अधिकतर पुल पर जाम लगा रहता है। पुल के चौड़ीकरण की मांग वर्षाें से क्षेत्र के …
महमूदाबाद/सीतापुर। वर्षाें पहले क्षेत्र के शारदा सहायक नहर पर बना नूरपुल पुल बेहद संकरा होने से राहगीरों के लिये मुसीबत बनता जा रहा है। वाहनों के बढ़ते दबाव के चलते जाम की समस्या आम हो गई है। दिन में अधिकतर पुल पर जाम लगा रहता है। पुल के चौड़ीकरण की मांग वर्षाें से क्षेत्र के राजनेता, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि शासन से करते आ रहे है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जर्जर हो चुके पुल पर वाहनों का बढ़ता लोड़ किसी बड़ी दुर्घटना को अंजाम दे सकता है।
महमूदाबाद से गोडैचा, सेमरी, रामपुर मथुरा, रेउसा आदि क्षेत्रों तक आवागमन के लिये करीब 50 वर्ष पूर्व नूरपुर के निकट शारदा सहायक नहर पर पुल बनवाया गया था। पुल सिंगल लेन होने के चलते वाहनों का आवागमन चलता रहा है, लेकिन बीते वर्षाें बहराइच आदि क्षेत्रों के लिये आवागमन जारी होने के बाद पुल पर वाहनों का दबाव बढ़ता जा रहा है। उक्त मार्ग पर चौपहिया और मालवाहक वाहनों का आवागमन भी बढ़ा है। रोजाना सैकड़ों की संख्या में वाहन पुल से गुजरते हैं। धान और गन्ने के सीजन में मिल और सेन्टरों तक आने जाने के लिये भारी वाहनों का भी आवागमन पुल से होता है।
सिंगल लेन पुल होने से पुल पर वाहनों का भार बढ़ता जा रहा है। सिंचाई विभाग ने इस पुल को जर्जर मान लिया है और बीते दिनों इस बाबत आगाह करते हुए चेतावनी भी लिख दी गई, लेकिन भारी वाहनों का आवागमन लगातार चल रहा है। पुल नूरपुर, सेमरी, गोडैचा, बांसुरा, रामपुर मथुरा, बहादुरगंज के अलावा बहराइच की ओर यातायात जाता है, वहीं बहराइच की ओर से लखनऊ जाने के लिये भी इस पुल का प्रयोग किया जाता है।
जाम की समस्या से राहगीर जूझ रहे हैं। पूर्व विधायक नरेन्द्र सिंह वर्मा ने गत वर्ष विधानसभा में सवाल उठाने के साथ ही मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर पुल के चौड़ीकरण की मांग की थी, लेकिन अभी तक कोई निष्कर्ष नहीं निकला। जिस हिसाब से पुल पर वाहनों का दबाव बढ़ रहा है, ऐसे में विभाग द्वारा समय रहते कोई निर्णय नहीं लिया गया तो क्षेत्र में कोई बड़ी दुर्घटना की आशंका राहगीर जता रहे हैं।
यह भी पढ़ें:-बरेली: जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन से कटकर युवक की मौत, दोनों पैर भी कटे, सिर भी फटा
