यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करें डीएम, संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर रखें एसटीएफ की निगरानी: मुख्य सचिव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने सभी जिलाधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों को यूपी बोर्ड परीक्षा के लिये बनाये गये परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करने तथा संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों पर एसटीएफ द्वारा नजर रखे जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा है कि संगठित रूप से नकल कराने वालों पर …

लखनऊ। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने सभी जिलाधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों को यूपी बोर्ड परीक्षा के लिये बनाये गये परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करने तथा संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों पर एसटीएफ द्वारा नजर रखे जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने जिलाधिकारियों को निर्देश देते हुये कहा है कि संगठित रूप से नकल कराने वालों पर तत्काल रासुका के तहत कार्यवाही की जाये और अफवाह फैलाने वालों पर विशेष ध्यान रखा जाये।

वर्ष 2022 की उप्र. माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा के संबंध में मंगलवार को वीडियो कान्फ्रेन्सिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी मण्डलायुक्तों, पुलिस आयुक्तों, जिलाधिकारियों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक कर रहे मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि नकल विहीन परीक्षा कराने के लिये जिलाधिकारी जिलों में जोनल तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात करे। उन्होंने निर्देश दिया कि तैनात किये गये मजिस्ट्रेट परीक्षा अवधि में परीक्षा केन्द्रों का नियमित निरीक्षण तथा पर्यवेक्षण करे।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा प्रश्न पत्रों के पहुंचने से पहले ही प्रश्न पत्रों की सुरक्षा के लिये आवश्यकतानुसार पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित कराते हुए उन्हें जिला मुख्यालय में सुरक्षित स्थान पर पुलिस अभिरक्षा में रखवाया जाये। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केन्द्रों पर प्रश्न पत्रों का वितरण जिलाधिकारी द्वारा नामित अधिकारी की निगरानी में जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा पुलिस अभिरक्षा में कराया जाये। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करें कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा की अवधि में पर्याप्त सशस्त्र सुरक्षा बल उपलब्ध रहे।

मुख्य सचिव ने कहा कि सभी जिलाधिकारी नकल विहीन व शान्तिपूर्ण परीक्षा संचालन के लिये संबंधित अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक कर तथा टीम बनाकर परीक्षा केन्द्रों की आधारभूत सुविधाओं का शत प्रतिशत स्थलीय निरीक्षण कराये। उन्होंने परीक्षा अवधि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये तथा स्वास्थ्य विभाग, परिवहन विभाग, नगर विकास विभाग, पचायती राज विभाग से बोर्ड परीक्षा के दृष्टिगत परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक सुविधायें उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बैठक में अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला ने बताया गया कि प्रदेश में आठ हजार 373 परीक्षा केन्द्रों पर 51 लाख 92 हजार 689 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे है। प्रश्न पत्रों को रखने की व्यवस्था डबल लाक युक्त अलमारी मेे किया गया है। हर परीक्षा केन्द्र के हर परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी तथा राउटर स्थापित किया गया है। इसके पर्यवेक्षण लिये माध्यमिक शिक्षा के शिविर कार्यालय, लखनऊ में केन्द्रीकृत राज्य स्तरीय कन्ट्रोल रूम की स्थापना की गयी है।

इस कन्ट्रोल रूम से परीक्षा अवधि में हर जिलें के हर परीक्षा केन्द्र के हर परीक्षा कक्ष कीं निगरानी की जायेगी। नकल विहीन परीक्षा कराना हर जिला विद्यालय निरीक्षक लगातार जिला प्रशासन से समन्वय बनाये रखेगें और नकल विहीन परीक्षा का दायित्व पूरा करेंगे। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा में पहली बार साफ्टवेयर के माध्यम से कक्ष निरीक्षकों तथा अन्य कार्मिकों की तैनाती की जा रही है, जिसमें उनकी दैनिक उपस्थिति होगी। परीक्षा केन्द्र पर मोबाइल फोन ले जाना वर्जित रहेगा।

वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग में पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल ऑनलाइन उपस्थित थे। इनके अतिरिक्त अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी, प्रमुख सचिव परिवहन राजेश कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था प्रशान्त कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक एसटीएफ अमिताभ यश, सचिव बेसिक शिक्षा अनामिका सिंह, सचिव गृह तरूण गाबा, विशेष सचिव माध्यमिक शिक्षा शम्भु कुमार व जय शंकर दुबे, निदेशक माध्यमिक शिक्षा विनय कुमार पाण्डेय सहित शासन तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुये।

यह भी पढ़ें:-पीलीभीत: जंगल में नहीं ठहरने देंगे श्रद्धालु, मॉनिटरिंग को लगाई जाएंगी टीम

संबंधित समाचार