गोरखपुर: सीएम योगी के निर्देश पर असम के प्राणी उद्यान से गोरक्षनगरी पहुंचे गैंडे
गोरखपुर। 27 मार्च को शहीद अशफाक उल्ला खॉ प्राणी उद्यान के लोकार्पण की पहली वर्षगांठ मनाई जाएगी। इस बीच होली और प्राणी उद्यान की वर्षगांठ के पूर्व ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को असम के प्राइड एक सिंग वाले दो गैंडों का तोहफा दे दिया है। होलिका दहन के पूर्व बुधवार को असम के …
गोरखपुर। 27 मार्च को शहीद अशफाक उल्ला खॉ प्राणी उद्यान के लोकार्पण की पहली वर्षगांठ मनाई जाएगी। इस बीच होली और प्राणी उद्यान की वर्षगांठ के पूर्व ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर को असम के प्राइड एक सिंग वाले दो गैंडों का तोहफा दे दिया है। होलिका दहन के पूर्व बुधवार को असम के राज्य प्राणी उद्यान गुवाहाटी से दो गैंडे ‘हर’ और ‘गौरी’ (एक नर और एक मादा) गोरक्षनगरी पहुंच गए। प्राणी उद्यान प्रबंधन, हेरिटेज फाउंडेशन एवं वन्यजीव प्रेमियों ने सुबह प्राणी उद्यान में उनके आगमन पर स्वागत किया।
तकरीबन 4 से 5 साल के बीच के ‘हर’ और ‘गौरी’ का वजन तकरीबन 1500 किलोग्राम है। 1250 किलोमीटर का सफर तय सड़क मार्ग से दो ट्रकों में तय कर हर और गौरी प्राणी उद्यान के वाइल्ड लाइफ विशेषज्ञ डॉ योगेश प्रताप सिंह की अगुवाई में सात सदस्यीय टीम के साथ पहुंचे हैं।रास्ते में कई बार उन्हें ट्रक में भोजन और पानी भी मिला। ‘हर’ और ‘गौरी’ के साथ उनकी देखभाल करने वाले गुवाहाटी प्राणी उद्यान के दो जू कीपर भी साथ आए हैं।
बुधवार की सुबह प्राणी उद्यान के निदेशक डॉ एच राजा मोहन, वाइल्ड लाइफ विशेषज्ञ डॉ आरके सिंह और डॉ योगेश प्रताप सिंह की देखरेख में उन्हें उनके बाड़ा में प्रवेश कराया गया। इस दौरान डीएफओ गोरखपुर विकास यादव, हेरिटेज फाउंडेशन की संरक्षिका डॉ अनिता अग्रवाल, मनीष चौबे, अनिल कुमार तिवारी एवं हेरिटेज एवियंस संयोजक अनुपम अग्रवाल, वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर धीरज सिंह, वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर संदीप श्रीवास्तव, शुभम यादव समेत समस्त प्राणी उद्यान का स्टॉफ मौजूद रहा।
प्राणी उद्यान के निदेशक डॉ एच राजा मोहन के मुताबिक हर और गौरी का दीदार गोरखपुर वासियों को उनकी क्वारंटीन की अवधि पूर्ण होने के बाद ही होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस अनावरण कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं।
यह भी पढ़े-हल्द्वानी: शास्त्रीय गायकी से नृत्याकृति के युवा फनकारों ने बिखेरे होली के रंग
