पीलीभीत: पेट्रोल पंप के सेल्समैन को गोली मारकर 1.65 लाख लूटे
पीलीभीत/बरखेड़ा अमृत विचार। बाइक सवार तीन बदमाशों ने हाईवे पर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। प्रबंधक के साथ बाइक से बैंक जा रहे पेट्रोल पंप के सेल्समैन को पहले आंख में मिर्च पाउडर डालकर रोका। उसके बाद पैर में गोली मारकर 1.65 लाख रुपये लूटकर भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर एसपी, …
पीलीभीत/बरखेड़ा अमृत विचार। बाइक सवार तीन बदमाशों ने हाईवे पर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। प्रबंधक के साथ बाइक से बैंक जा रहे पेट्रोल पंप के सेल्समैन को पहले आंख में मिर्च पाउडर डालकर रोका। उसके बाद पैर में गोली मारकर 1.65 लाख रुपये लूटकर भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर एसपी, एएसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के पतरसिया गांव निवासी 50 वर्षीय रघुनंदन प्रसाद गांव के बाहर स्थित तराई सीलिंग स्टेशन (पेट्रोल पंप) पर सेल्समैन हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार सुबह करीब 10 बजे वह पंप प्रबंधक विक्की के साथ बाइक से कस्बा बरखेड़ा स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में कैश जमा करने के लिए जा रहे थे। पंप से दो किलोमीटर बरखेड़ा की तरफ पहुंचे ही थे कि पीछे से बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनकी आंख में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर गिर पड़ी।
इसके बाद बदमाश नकदी भरा बैग छीनने लगे। दोनों पक्षों के बीच छीना-झपटी होने लगी। इसी बीच एक बदमाश ने तमंचे से उनके पैर पर गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर राहगीर जमा हाने लगे। इस पर बदमाश बैग से 1,65,850 रुपये लूटकर कस्बा बरखेड़ा की तरफ भाग गए। जबकि बैग में रखे 1073500 रुपये बच गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पहले इंस्पेक्टर केके वर्मा मौके पर पहुंचे।
कुछ देर बाद ही एसपी दिनेश कुमार पी, एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ बीसलपुर प्रशांत सिंह भी पुलिस बल के साथ आ गए और मौका मुआयना कर जानकारी जुटाई। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। एसपी ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर घायल से बातचीत की। पुलिस टीम को घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारी पेट्रोल पंप भी गए और उसके मालिक से बातचीत की। बैग में बाकी बचे कैश को भी पंप मालिक की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
इसे भी पढ़ें-
पीलीभीत: उत्तराखंड से घर लौटे युवक का फंदे पर झूलता मिला शव
